दर्दनाक हादसा : नेतरहाट घूमने आए कपल की कार गिरी गहरी खाई में, पति की मौत, पत्नी की हालत गंभीर…4 माह पहले हुई थी शादी

रांची : नेतरहाट घूमने आए रांची के एक नवदंपती भीषण दुर्घटना के शिकार हो गए। दंपती की कार दुर्घटनाग्रस्त होकर गहरी घाटी में जा गिरी। इस हादसे में पति की मौत हो गई जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल है। अमरेंद्र कुमार और डॉली रानी रांची के रहने वाले हैं. दंपती एक कार से नेतरहाट घूमने आए थे. शुक्रवार (12 मई) की शाम दोनों वापस रांची लौट रहे थे. इसी क्रम में उनकी गाड़ी नेतरहाट की घाटी की गहरी खाई में गिर गयी।
दुर्घटना इतनी भीषण थी कि पति की मौत घटनास्थल पर ही हो गई जबकि पत्नी डॉली रानी गंभीर रूप से घायल हो गई। बाद में घायल अवस्था में ही डॉली रानी किसी प्रकार घाटी से निकलकर सड़क पर आई और लोगों से मदद की गुहार लगाई. रास्ते से गुजर रहे लोगों को जब इस घटना की जानकारी मिली तो इसकी सूचना पुलिस को दी गई. यह इलाका गुमला जिले के गुरदरी थाना में पड़ता है. सूचना मिलने के बाद पुलिस बल घटनास्थल पर पहुंची और घायल डॉली रानी को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस बल ने कड़ी मशक्कत के बाद शव को घाटी से निकाला. पुलिस लगभग तीन घंटे तक इसके लिए प्रयास की तब जाकर शव को घाटी से बाहर निकाला जा सका। घाटी से शव निकालने के बाद पुलिस ने अस्पताल भेज दिया है।









