चुनाव के बीच कोलकाता में ED का बड़ा एक्शन! कई ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी, जमीन कब्जा और वित्तीय घोटालों से जुड़े अहम सुराग हाथ लगे


पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के बीच जांच एजेंसियों की सक्रियता तेज हो गई है। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने रविवार को कोलकाता के कई ठिकानों पर छापेमारी कर सनसनी फैला दी। यह कार्रवाई फरार आरोपी ‘सोना पप्पू’ से जुड़े जमीन कब्जा और वित्तीय धोखाधड़ी के मामलों में की गई है।

ईडी अधिकारियों के मुताबिक, एजेंसी ने आनंदपुर और अलीपुर इलाकों में दो कारोबारियों के ठिकानों को निशाना बनाया। जांच के दौरान कुछ अहम सुराग हाथ लगे हैं, जिनके आधार पर एजेंसी ने अपनी जांच का दायरा और बढ़ा दिया है।

सूत्रों के अनुसार, ‘सोना पप्पू’ जमीन कब्जाने और वित्तीय अनियमितताओं से जुड़े मामलों में मुख्य आरोपी है और लंबे समय से फरार चल रहा है। अधिकारियों को शक है कि उसके कई कारोबारियों से करीबी संबंध रहे हैं, जिनके जरिए अवैध लेनदेन को अंजाम दिया गया।

ईडी के एक अधिकारी ने बताया कि छापेमारी के दौरान मिले दस्तावेजों और पूछताछ के आधार पर यह पता लगाया जा रहा है कि क्या संबंधित कारोबारी अवैध पैसों के लेनदेन का माध्यम बने थे। एजेंसी ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में और भी जगहों पर कार्रवाई हो सकती है।

गेहूं घोटाले में भी ED का शिकंजा
इससे पहले भी प्रवर्तन निदेशालय ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) से जुड़े गेहूं घोटाले के मामले में बड़ी कार्रवाई की थी। इस सिलसिले में कोलकाता, बर्दवान और हाबरा में कुल नौ ठिकानों पर छापेमारी की गई।

यह जांच धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के तहत शुरू की गई है, जो पश्चिम बंगाल पुलिस द्वारा दर्ज एफआईआर के आधार पर आगे बढ़ाई जा रही है।

जांच में सामने आया है कि कल्याणकारी योजनाओं के तहत गरीबों के लिए निर्धारित गेहूं को अवैध रूप से सप्लाई चेन से बाहर निकालकर कम कीमत पर खरीदा गया और बाद में उसे खुले बाजार में ऊंचे दामों पर बेचा गया। इस पूरे नेटवर्क में सप्लायर, डीलर और बिचौलियों की मिलीभगत की बात सामने आई है।

फिलहाल, एजेंसी इस मामले की गहराई से जांच कर रही है। चुनावी माहौल के बीच इस कार्रवाई ने सियासी गलियारों में हलचल और बढ़ा दी है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

close