रांची के बैंक अफसर की छत्तीसगढ़ में मौत, स्टेट बैंक में फील्ड मैनेजर की संदिग्ध परिस्थिति में मिली लाश, पुलिस जांच में जुटी
Ranchi bank officer dies in Chhattisgarh; body of State Bank field manager found under suspicious circumstances, police investigating

स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के फील्ड मैनेजर सुधीर करकट्टा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। वह अपने क्वार्टर में खून से लथपथ हालत में मृत पाए गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार उनकी मौत हार्ट अटैक से होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
________________________________________
रांची/ कांकेर (छत्तीसगढ़)। झारखंड के एक बैंक अफसर की छत्तीसगढ़ में संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गयी। स्टेट बैंक आफ इंडिया में मैनेजर का शव मिला है। पूरा मामला छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के पखांजूर का है। जहां स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के एक अधिकारी की मौत से इलाके में सनसनी फैल गई है। यहां स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) के फील्ड मैनेजर सुधीर करकट्टा का शव उनके क्वार्टर में संदिग्ध हालत में मिला।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार उनकी मौत हार्ट अटैक से होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।बताया जा रहा है कि सुधीर करकट्टा बांदे थाना क्षेत्र के अंतर्गत स्थित एसबीआई की शाखा में फील्ड मैनेजर के पद पर कार्यरत थे। सोमवार को वह अपनी तबीयत खराब होने के कारण बैंक नहीं गए थे और अपने क्वार्टर में ही आराम कर रहे थे।
कर्मचारी ने देखा शव
दोपहर के समय जब बैंक का एक कर्मचारी उन्हें खाना देने के लिए उनके क्वार्टर पहुंचा, तब दरवाजा खोलने पर वह अंदर का दृश्य देखकर हैरान रह गया। कमरे के अंदर सुधीर करकट्टा खून से लथपथ हालत में पड़े हुए थे और उनकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद तुरंत बैंक के अन्य कर्मचारियों और स्थानीय लोगों को सूचना दी गई।घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। बाद में इसकी सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी।
हार्ट अटैक से मौत की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक माना जा रहा है कि सुधीर करकट्टा को अचानक हार्ट अटैक आया होगा, जिसके कारण उनकी मौत हो गई। हालांकि उनके शरीर पर खून होने के कारण मामले को लेकर कई तरह की चर्चाएं भी शुरू हो गई हैं। पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारण का पता पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा।
झारखंड के रांची के निवासी थे अधिकारी
बताया जा रहा है कि सुधीर करकट्टा मूल रूप से रांची के रहने वाले थे। वह कुछ समय से पखांजूर क्षेत्र में एसबीआई की शाखा में फील्ड मैनेजर के रूप में कार्यरत थे। उनके अचानक निधन की खबर मिलने के बाद बैंक कर्मचारियों और परिचितों में शोक का माहौल है।यह घटना बांदे थाना क्षेत्र की है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।









