गर्भवती बहू की हत्या: ससुर पर रेप की कोशिश का आरोप, पति गिरफ्तार
Pregnant daughter-in-law murdered: Father-in-law accused of attempted rape, husband arrested

बिहार के पूर्णिया जिले से इंसानियत को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। यहां गर्भवती बहू की हत्या के मामले ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। आरोप है कि एक कलयुगी ससुर ने अपनी चार महीने की गर्भवती बहू के साथ पहले दुष्कर्म की कोशिश की। जब वह इसमें असफल रहा, तो उसने बेरहमी से उसकी हत्या कर दी। इतना ही नहीं, बाद में बेटे के साथ मिलकर शव को छिपाने की भी कोशिश की गई।
पूर्णिया के धमदाहा थाना क्षेत्र का मामला
यह घटना पूर्णिया जिले के धमदाहा थाना क्षेत्र स्थित नेहरू चौक, वार्ड नंबर 11 की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, मधेपुरा की रहने वाली अभिलाषा की शादी करीब आठ महीने पहले हुई थी। वह अपने ससुराल में रह रही थी और चार महीने की गर्भवती थी। आरोप है कि ससुर की उस पर लंबे समय से बुरी नजर थी। एक दिन उसने जबरदस्ती करने की कोशिश की, लेकिन अभिलाषा ने इसका विरोध किया। विरोध के बाद गुस्से में आकर आरोपी ससुर ने गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।
ऐसे खुला गर्भवती बहू की हत्या का राज
घटना के बाद जब महिला का पति घर पहुंचा, तो उसने पत्नी की मौत पर कोई चिंता नहीं दिखाई। उल्टा वह अपने पिता के साथ मिलकर शव को ठेले पर रखकर ऊपर से मुर्गी के दाने की बोरियां डालकर ठिकाने लगाने की कोशिश करने लगा। इधर जब अभिलाषा की अपनी मां से बातचीत बंद हो गई, तो उन्हें अनहोनी की आशंका हुई। उन्होंने परिजनों को इसकी सूचना दी।
मृतका के मामा गजेंद्र मेहता जब ससुराल पहुंचे तो ससुर घर से गायब मिला। पति ने पहले कहा कि अभिलाषा मेला देखने गई है, लेकिन शक होने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दे दी। इसके बाद पूरे मामले का खुलासा हो गया।
परिजनों का आरोप है कि आरोपी ससुर पहले भी बहू के साथ गलत हरकत कर चुका था और इसकी जानकारी पति को भी थी। फिलहाल पुलिस ने पति को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी ससुर की तलाश जारी है। गर्भवती बहू की हत्या का यह मामला इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।









