झारखंड: होली मनाने ससुराल आये दामाद की हत्या, नदी में मिली लाश, पत्नी मायके में रहकर दे रही थी इंटर की परीक्षा
Jharkhand: Son-in-law murdered at in-laws' house to celebrate Holi, body found in river, wife taking intermediate exam at her parents' home

होली के पहले ससुराल आये दामाद की हत्या कर दी गयी। घटना पलामू जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के चेडाबार गांव की ये घटना है। जहां ससुराल आए एक युवक की हत्या कर शव को नदी में फेंक दिया गया। मृतक की पहचान योगेंद्र सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
________________________________________
पलामू। होली के पहले एक बड़ी वारदात हुई है। ससुराल में होली मनाने आये दामाद की हत्या कर दी गयी है। घटना पलामू जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत चेडाबार गांव की है, जहां ससुराल आए युवक का शव निर्वस्त्र अवस्था में कोयल नदी से बरामद किया गया है। युवक के शरीर पर गहरे जख्म के निशान पाए गए हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान योगेंद्र सिंह के रूप में हुई है, जो नावाबाजार थाना क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, योगेंद्र सिंह की शादी दो वर्ष पहले चेडाबार गांव में हुई थी। इन दिनों उसकी पत्नी इंटरमीडिएट की परीक्षा दे रही थी। परीक्षा समाप्त होने के बाद वह पत्नी के साथ ससुराल आया हुआ था।
बताया जा रहा है कि रात खाना खाने के बाद योगेंद्र सिंह घर से टहलने के लिए निकला था। काफी देर तक जब वह वापस नहीं लौटा तो परिजनों को चिंता हुई।
देर रात तक उसकी तलाश की गई, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। शनिवार की दोपहर बाद गांव के समीप बहने वाली कोयल नदी में एक शव मिलने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे, जहां शव की पहचान योगेंद्र सिंह के रूप में की गई।
घटना की जानकारी मिलते ही चैनपुर थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी श्रीराम शर्मा ने बताया कि युवक के शरीर पर कई गंभीर जख्म के निशान हैं। प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि उसकी हत्या कर शव को नदी में फेंक दिया गया है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। घटनास्थल और आसपास के इलाकों में साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि युवक किन परिस्थितियों में घर से बाहर गया और उसके साथ क्या हुआ।मृतक योगेंद्र सिंह का एक छोटा बच्चा भी है। घटना की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।









