झारखंड इलेक्शन अपडेट: निकाय चुनाव के दौरान अब तक क्या-क्या हुआ, कहीं दो गुट आपस में भिड़े, तो कहीं पुलिस व BDO के साथ झड़प

Jharkhand Election Update: What has happened so far during the civic elections? At some places, two groups clashed with each other, while at other places, there were clashes with the police and BDO.

नगर निकाय चुनाव के दौरान झारखंड में मतदान चल रहा है। इस दौरान अधिकांश जगहों पर शांतिपूर्ण मतदान चल रहा है, जबकि कई जगहों से तनाव, विवाद और मारपीट की खबरें सामने आई हैं। प्रशासन की सख्ती और पुलिस बल की तैनाती के बीच मतदान प्रक्रिया जारी रही, हालांकि कई बूथों पर हालात तनावपूर्ण बने रहे।

धनबाद: बूथ पर मारपीट, मतदान के बीच तनाव
धनबाद में नगर निगम चुनाव के दौरान वार्ड संख्या 22 के मेमको मोड़ स्थित सुसुनिलेवा बूथ नंबर 58 पर मतदान के बीच तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। जानकारी के अनुसार, झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) नेता राज आनंद सिंह अपने समर्थकों के साथ बूथ पर पहुंचे थे।

इसी दौरान कुछ स्थानीय लोगों ने उन पर मतदान में धांधली का आरोप लगाया। आरोप-प्रत्यारोप के बीच स्थिति अचानक बिगड़ गई और दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट शुरू हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ग्रामीणों ने दौड़ा-दौड़ा कर समर्थकों की पिटाई कर दी, जिससे बूथ परिसर में अफरा-तफरी मच गई।

घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। हालांकि, मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस बल ने स्थिति को नियंत्रित किया। प्रशासन की मौजूदगी में मतदान प्रक्रिया जारी रखी गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

चास (बोकारो): बिना पहचान पत्र एजेंटों पर विवाद
चास में उत्क्रमित मध्य विद्यालय चिरा, वार्ड संख्या 2 स्थित पोलिंग बूथ पर उस समय हंगामा मच गया, जब निरीक्षण के दौरान कई पोलिंग एजेंट बिना पहचान पत्र के पाए गए।

निरीक्षण के लिए पहुंचे चास बीडीओ प्रदीप कुमार, जो वर्तमान में आरओ की जिम्मेदारी भी संभाल रहे हैं, ने बूथ पर 10 से 15 एजेंटों को बिना आईडी कार्ड के बैठे पाया। उन्होंने चुनाव नियमों का हवाला देते हुए सभी एजेंटों को तत्काल बूथ से बाहर जाने का निर्देश दिया।

इस निर्णय पर कुछ एजेंट भड़क गए और बीडीओ से बहस शुरू कर दी। देखते ही देखते नारेबाजी और धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। कुछ लोगों ने मतदान प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए बूथ को रद्द करने की मांग तक कर दी।

सूचना मिलते ही बोकारो के एसपी हरविंदर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि चुनाव नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद मतदान प्रक्रिया को पुनः सामान्य कराया गया।

गिरिडीह: कहासुनी से बढ़ा विवाद, प्रशासन ने संभाला मोर्चा
गिरिडीह के वार्ड संख्या 18 स्थित बूथ नंबर 4 पर दो पक्षों के बीच कहासुनी के बाद नोकझोंक शुरू हो गई। विवाद बढ़ने से मतदान केंद्र के आसपास तनाव का माहौल बन गया।

घटना की सूचना मिलते ही एसडीओ श्रीकांत विसपुते, एसडीपीओ जितवाहन उरांव और नगर थाना प्रभारी ज्ञान रंजन भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने दोनों पक्षों को समझाकर स्थिति को शांत कराया।

हंगामे के कारण कुछ समय के लिए क्षेत्र में अव्यवस्था और जाम की स्थिति भी बनी रही, जिसे प्रशासनिक हस्तक्षेप के बाद नियंत्रित किया गया।

धनबाद वार्ड 27: प्रत्याशियों के समर्थकों में झड़प
धनबाद नगर निगम के वार्ड संख्या 27 के बूथ नंबर 06, 110, 111 और 112 पर भी झड़प की घटना सामने आई। यहां वार्ड पार्षद पद की प्रत्याशी पुष्पा देवी और पिंकी उर्मिला देवी के समर्थकों के बीच विवाद हो गया।

दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए। पुष्पा देवी के पति संजय कुमार सिंह ने आरोप लगाया कि पिंकी देवी मतदाताओं को प्रभावित कर रही थीं। वहीं, प्रमोद कुमार यादव ने पलटवार करते हुए कहा कि बाहरी लोगों को मतदान के लिए लाया जा रहा था।

स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए दोनों पक्षों के समर्थकों को बूथ परिसर से हटा दिया और हालात को नियंत्रित किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

close