Gayaji News: डुमरिया के जंगलों से भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद, सुरक्षाबलों ने नाकाम की बड़ी साजिश
Gayaji News: Huge quantity of explosives recovered from the forests of Dumaria, security forces foiled a major conspiracy.

Gayaji News: बिहार के गया जिले में सुरक्षाबलों ने नक्सलियों की एक बड़ी साजिश को समय रहते विफल कर दिया। नक्सल प्रभावित डुमरिया प्रखंड क्षेत्र से 175 वाणिज्यिक विद्युत डेटोनेटर, करीब 300 किलोग्राम अमोनियम नाइट्रेट और 1000 मीटर कॉर्डेक्स तार सहित अन्य विस्फोटक सामग्री बरामद की गई है। इतनी बड़ी मात्रा में विस्फोटक मिलने से पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, छकरबंधा थाना क्षेत्र के दक्षिण-पूर्वी दिशा में स्थित लुटुआ थाना क्षेत्र के भुसिया, महादेव स्थान, सिंघवा, बालीबथान, सिकारी कुआं और गुलरिया तरी पहाड़ी के जंगलों में नक्सलियों द्वारा विस्फोटक छिपाए जाने की गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद सीआरपीएफ और जिला पुलिस ने संयुक्त सर्च ऑपरेशन चलाया।
यह कार्रवाई गया के वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के निर्देशन में तथा सीआरपीएफ 215वीं बटालियन के नेतृत्व में की गई। सर्च ऑपरेशन के दौरान लडुईया पहाड़ क्षेत्र की एक गुफा से भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद की गई। आशंका जताई जा रही है कि नक्सली किसी बड़ी विध्वंसक घटना को अंजाम देने की फिराक में थे।
बरामद डेटोनेटर और अन्य विस्फोटक सामग्री को बम निरोधक दस्ते द्वारा मौके पर ही सुरक्षित तरीके से नष्ट कर दिया गया। इमामगंज एसडीपीओ ने बताया कि नक्सलियों की साजिश को समय रहते विफल कर दिया गया है और क्षेत्र में लगातार सर्च अभियान जारी है। सुरक्षा एजेंसियां किसी भी असामाजिक गतिविधि को लेकर पूरी तरह सतर्क हैं।









