बाल पकड़कर जमीन पर पटका, लाठी-लात-घूंसों से की बेरहमी… BJP नेता की हैवानियत का VIDEO आया सामने, सियासत में मचा भूचाल

सरेआम पिटाई, तमाशबीन बने लोग और चुप्पी पर उठे सवाल

बाल पकड़कर जमीन पर पटका, लाठी-लात-घूंसों से की बेरहमी… BJP नेता की हैवानियत का VIDEO आया सामने, सियासत में मचा भूचाल

सीधी। मध्यप्रदेश के सीधी जिले से सामने आया एक खौफनाक वीडियो न सिर्फ इंसानियत को शर्मसार करता है, बल्कि प्रदेश की कानून-व्यवस्था और राजनीतिक आचरण पर भी गंभीर सवाल खड़े करता है। सिहावल विधानसभा क्षेत्र के बहरी गांव में एक महिला के साथ हुई बर्बर मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक बीजेपी नेता खुलेआम महिला को लाठी-लात-घूंसों से पीटता नजर आ रहा है।

वायरल वीडियो में भाजपा नेता संतोष पाठक की हैवानियत साफ दिखाई दे रही है। कभी वह महिला पर लाठी बरसाता है, तो कभी बाल पकड़कर उसे जमीन पर पटक देता है। इसके बाद भी उसका गुस्सा शांत नहीं होता और वह लगातार महिला को लात-घूंसे मारता रहता है। महिला खुद को बचाने और छुड़ाने की बार-बार कोशिश करती है, लेकिन आरोपी नेता का हमला रुकने का नाम नहीं लेता।

तमाशबीन बने रहे लोग, किसी ने नहीं की मदद

घटना के वक्त मौके पर कई लोग मौजूद थे, लेकिन हैरानी की बात यह रही कि किसी ने भी महिला को बचाने की हिम्मत नहीं दिखाई। सभी मूकदर्शक बने रहे और किसी ने पूरी वारदात का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल रहा है। वीडियो सामने आते ही लोगों में गुस्सा और आक्रोश देखने को मिल रहा है।

जीतू पटवारी ने BJP सरकार पर साधा निशाना

इस मामले को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भी भाजपा सरकार को कटघरे में खड़ा कर दिया है। उन्होंने फेसबुक पर वीडियो साझा करते हुए लिखा कि प्रधानमंत्री मोदी ‘बेटी पढ़ाओ, बेटी बचाओ’ की बात करते हैं, लेकिन यह कहना भूल जाते हैं कि बेटियों को भाजपा नेताओं से ही बचाना होगा।

पटवारी ने आरोप लगाया कि सत्ता के अहंकार में भाजपा के नेता अब प्रदेश की बहनों पर अत्याचार करने को उतारू हो गए हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री मोहन यादव से सवाल करते हुए कहा कि वे प्रदेश के मुख्यमंत्री होने के साथ-साथ गृह मंत्री भी हैं और महिलाओं की सुरक्षा की जिम्मेदारी उनकी है, जिसमें वे लगातार विफल साबित हो रहे हैं। साथ ही उन्होंने आरोपी भाजपा नेता के खिलाफ तत्काल FIR दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस कार्रवाई पर उठे सवाल, सियासत गरमाई

बताया जा रहा है कि यह पूरी घटना सीधी जिले की सिहावल विधानसभा के बहरी क्षेत्र की है। वीडियो सामने आने के बाद भाजपा नेता की इस बर्बरता को लेकर राजनीतिक हलकों में हड़कंप मच गया है। अब सबकी नजरें पुलिस की कार्रवाई और प्रशासन की प्रतिक्रिया पर टिकी हैं। सवाल यह है कि क्या आरोपी पर सख्त कार्रवाई होगी या मामला राजनीति की भेंट चढ़ जाएगा?

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

close