झारखंड में शिक्षकों के लिए बड़ी खुशखबरी : 2,600 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू, सरकारी स्कूलों को मिलेंगे योग्य शिक्षक!
Big news for teachers in Jharkhand: Recruitment process for 2,600 posts started, government schools will get qualified teachers!

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मंगलवार को घोषणा की कि राज्य सरकार ने 2,600 सहायक शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि सरकार प्राथमिक शिक्षा से लेकर उच्च शिक्षा तक, पूरे तंत्र में सुधार लाने के लिए लगातार ठोस कदम उठा रही है।
रांची में आयोजित एक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा, “हम सभी शिक्षा के महत्व को समझते हैं। राज्य में शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए हर संभव प्रयास हो रहा है। इसी कड़ी में 2,600 शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया की शुरुआत की गई है।”
इस मौके पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने नवनियुक्त 301 सहायक शिक्षकों को नियुक्ति पत्र भी सौंपे। इसमें कक्षा 1 से 5 तक पढ़ाने वाले 170 शिक्षक और कक्षा 6 से 8 तक के लिए 131 शिक्षक शामिल हैं। गौरतलब है कि इससे पहले, 2 सितंबर को मुख्यमंत्री ने 909 सहायक शिक्षकों को नियुक्ति पत्र दिए थे।
शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए सीएम ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत प्रोजेक्ट आधारित शिक्षा (PBL) कार्यक्रम की भी शुरुआत की। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में तेजी से बदलाव आ रहा है। अब स्कूलों में पारंपरिक ब्लैकबोर्ड की जगह डिजिटल ब्लैकबोर्ड आ रहे हैं। ऑनलाइन शिक्षा और कृत्रिम मेधा (AI) का उपयोग भी बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री ने स्वीकार किया कि इन सुधारों के बावजूद राज्य की शिक्षा व्यवस्था अभी भी कई मायनों में पिछड़ी है। उन्होंने कहा कि झारखंड को “मजदूरों का राज्य” कहे जाने के कलंक को मिटाने के लिए शिक्षा क्षेत्र में गति और मजबूती लाना जरूरी है।









