झारखंड : रांची में गोलियों की तड़तड़ाहट…जमीन कारोबारी राजबल्लभ गोप घायल, साथी की मौत
Gunfire in Ranchi: Land dealer Rajballabh Gop injured, partner killed

Ranchi Crime: राजधानी रांची के रातू इलाके में सनसनीखेज वारदात हुई। झखराटांड़ टोंगरी के पास जमीन कारोबारी राजबल्लभ गोप उर्फ बलमा पर कुछ अपराधियों ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। इस हमले में उनके साथ मौजूद 48 वर्षीय रवि साहू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि राजबल्लभ गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक, रवि साहू चतरा जिले के टंडवा के रहने वाले थे। वारदात के समय दोनों अपने परिचित प्रदीप लोहरा के घर पर बैठे थे। इसी दौरान अचानक हथियारबंद अपराधी पहुंचे और फायरिंग शुरू कर दी। रवि को तीन से चार गोलियां लगीं और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
गंभीर रूप से घायल कारोबारी अस्पताल में भर्ती
फायरिंग के बाद घायल राजबल्लभ ने हमलावरों का पीछा करने की कोशिश की, लेकिन कुछ दूरी पर गिर पड़े। स्थानीय लोगों ने तुरंत उन्हें उठाकर पहले सीएचसी रातू और फिर रिम्स अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
घटनास्थल से पुलिस ने छह खोखे बरामद किए हैं। वहीं, रवि साहू के परिजनों ने बताया कि उन्होंने हाल ही में हुरहुरी गुटुआ में 12 डिसमिल जमीन खरीदी थी और शनिवार को वहां ईंट गिराई थी। आशंका जताई जा रही है कि यह वारदात जमीन विवाद से जुड़ी हो सकती है।
पुलिस की जांच जारी
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है। अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।









