झारखंड में मूसलधार बारिश से तबाही, रांची समेत कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात…6 की मौत

Heavy rains wreak havoc in Jharkhand, flood-like situation in many districts including Ranchi...6 dead

रांची: झारखंड में मानसून ने इस बार तबाही मचा दी है। शुक्रवार रात से लगातार हो रही मूसलधार बारिश ने रांची समेत कई जिलों में हालात बिगाड़ दिए हैं। राजधानी रांची में स्वर्णरेखा और हरमू नदी उफान पर हैं, जबकि रूक्का, कांके और हटिया डैम ओवरफ्लो होकर अपने गेट खोलने पर मजबूर हो गए। निचले इलाकों के 50 से ज्यादा मोहल्लों में पानी भर गया है और सैकड़ों घर जलमग्न हो गए हैं।

बारिश से जानमाल का भी भारी नुकसान हुआ है। अब तक राज्यभर में 6 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। रांची में पेड़ गिरने से एक ऑटो चालक की मौत हो गई, जबकि चतरा, गिद्धौर और जमशेदपुर में मकान ढहने और बहाव में फंसने से लोग जान गंवा बैठे। लातेहार के चंदवा में सबसे ज्यादा 205 मिमी बारिश दर्ज की गई।

रांची का ऐतिहासिक जगन्नाथ मंदिर भी बारिश की मार से अछूता नहीं रहा। मंदिर तक जाने वाला रास्ता धंस गया और गार्डवाल टूटने से वाहनों का प्रवेश पूरी तरह रोक दिया गया है। वहीं, रांची-गुमला राष्ट्रीय राजमार्ग पर निर्माणाधीन ओवरब्रिज धंसने से घंटों तक जाम की स्थिति बनी रही।

स्थिति गंभीर देखते हुए चांडिल, गालूडीह और तिलैया डैम समेत कई बांधों के गेट खोले गए हैं। प्रशासन ने निचले इलाकों के लोगों को अलर्ट पर रहने की सलाह दी है।

मौसम विभाग ने भी राज्य में यलो अलर्ट जारी किया है। 24 से 29 अगस्त तक झारखंड के कई जिलों में भारी बारिश और वज्रपात की संभावना जताई गई है। बंगाल की खाड़ी में नया लो-प्रेशर बनने से पश्चिमी और मध्य जिलों में बारिश और तेज होने की आशंका है।

Related Articles