झारखंड में भारी बारिश की चेतावनी…12 जिलों में येलो अलर्ट जारी, जानिए अपने जिले की स्थिति
Heavy rain warning in Jharkhand: Yellow alert issued in 12 districts, know the status of your district

रांची: झारखंड में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो चुका है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने रविवार को राज्य के 12 जिलों—गढ़वा, पलामू, चतरा, लातेहार, गिरिडीह, देवघर, धनबाद, जामताड़ा, दुमका, गोड्डा, साहिबगंज और पाकुड़—में मेघ गर्जन के साथ भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इन जिलों के लिए येलो अलर्ट भी घोषित किया गया है।
विभाग के अनुसार, बिहार और पश्चिम बंगाल की ओर एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन सक्रिय है, जिसका प्रभाव झारखंड के उत्तरी और मध्य भागों पर पड़ सकता है। इसी कारण राज्य के कई हिस्सों में मौसम अस्थिर बना हुआ है।
राजधानी रांची में रविवार को बादल छाये रहेंगे और एक-दो बार हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जतायी गई है। हालांकि रांची के लिए किसी प्रकार का मौसम अलर्ट फिलहाल जारी नहीं किया गया है।
बीते 24 घंटे की बारिश का हाल
शनिवार को सबसे अधिक वर्षा गोड्डा के पथरगामा में 170.2 मिमी दर्ज की गई, जो राज्य में अब तक की सबसे अधिक एक दिन की वर्षा है। इसके अलावा लातेहार में 54 मिमी, मेदिनीनगर में 10 मिमी, बोकारो में 3 मिमी और रांची में मात्र 1 मिमी वर्षा हुई।
आगामी पूर्वानुमान:
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 5 अगस्त को तेज हवा के साथ वज्रपात की संभावना बन रही है। वहीं 8 अगस्त तक रांची समेत राज्य के कई हिस्सों में बादल छाये रहेंगे और रुक-रुक कर बारिश हो सकती है।
अब तक की वर्षा: सामान्य से अधिक
इस वर्ष एक जून से अब तक राज्य में औसतन 778.8 मिमी बारिश हो चुकी है, जबकि सामान्य औसत 526.3 मिमी है। कुछ जिलों में यह आंकड़ा 1000 मिमी से भी पार कर चुका है, जैसे—
पूर्वी सिंहभूम: 1186.4 मिमी
रांची: 991.8 मिमी
सावधानी की सलाह
अलर्ट वाले जिलों के लोगों को बिजली गिरने और भारी बारिश के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है। खेतों और जलाशयों के पास न जाने की हिदायत दी गई है।









