झारखंड: ये तो “सोनम” से भी खतरनाक निकली, दुल्हा नहीं आया पसंद, दुल्हन ने शादी के 36वें दिन मुर्गा-भात खिलाकर मार डाला
Jharkhand: This girl turned out to be more dangerous than "Sonam", the bride did not like the groom, she killed him by feeding him chicken and rice on the 36th day of marriage

गढ़वा/बाहोकुदर। लोग अभी इंदौर के “सोनम कांड” को भूल भी नहीं पाये हैं, कि झारखंड में “सोनम पार्ट-2” हो गया। मामला झारखंड के गढ़वा जिले का है। जहां ना तो पति को “नीले ड्रम” में डाला गया…और ना ही “हनीमून” के बहाने मौत के घाट उतारा गया, बल्कि यहां मुर्गे की दावत के बहाने पति मौत की नींद सुला दिया गया। शादी के सिर्फ 36 दिन बाद दुल्हन ने अपने दुल्हे को मौत दे दी।
पति पसंद नहीं आया, रची खौफनाक साजिश
हत्या की यह वारदात रंका थाना क्षेत्र के बाहोकुदर गांव की है, जहां एक नवविवाहिता ने पहले पति से खुद जहर खरीदवाया, फिर उसे मुर्गा-भात में मिलाकर खिलाया और अंत में अपने ही हाथों से उसकी जीवनलीला समाप्त कर दी।पुलिस के अनुसार, 11 मई 2025 को 22 वर्षीय बुधनाथ सिंह की शादी छत्तीसगढ़ के रामचंद्रपुर थाना क्षेत्र के विशुनपुर गांव की रहने वाली सुनीता सिंह से हुई थी। लेकिन शादी के अगले ही दिन सुनीता मायके लौट गई। कारण पूछने पर उसने साफ कहा कि उसे पति पसंद नहीं है।कई दिनों की पंचायत और समझाइश के बाद 5 जून को सुनीता वापस ससुराल आई, लेकिन मन में चल रहा शातिर प्लान अब अंजाम की ओर बढ़ रहा था।
कीटनाशक खरीदवाया, दो बार बच गए पति
14 जून को दोनों बाजार गए। इस दौरान सुनीता ने फसल में कीड़े मारने के बहाने पति से कीटनाशक खरीदवाया। आरोप है कि उसने दो बार खाने में जहर मिलाकर पति को मारने की कोशिश की, लेकिन बुधनाथ ने दोनों बार खाना खाने से मना कर दिया।
तीसरी बार बनी मौत की दावत
15 जून की रात सुनीता ने मुर्गा-भात तैयार किया और उसमें कीटनाशक मिला दिया। इस बार पति खुद को रोक नहीं पाए और पूरा खाना खा लिया। इसके कुछ ही देर बाद बुधनाथ की तबीयत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गढ़वा भेजा।
सास पर लगाया आरोप, फिर खुद कबूला जुर्म
शुरुआती पूछताछ में सुनीता ने अपनी सास पर ही जहर देने का आरोप लगाया। उसका कहना था कि सास उसे मारना चाहती थी, लेकिन गलती से जहर मिला खाना बेटे को दे दिया। हालांकि, जांच और सख्त पूछताछ के बाद सुनीता टूट गई और अपना जुर्म कबूल कर लिया।
पुलिस ने भेजा जेल
रंका अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रोहित रंजन सिंह ने बताया कि मृतक की मां राजमती कुंवर के आवेदन पर मामला दर्ज कर पुलिस ने सुनीता सिंह को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।यह मामला एक बार फिर दिखाता है कि जब रिश्तों में भरोसे की जगह नफरत और छल ले ले, तो परिणाम कितना भयानक हो सकता है। 36 दिन पहले सात फेरों में बंधे दो लोग अब एक की मौत और दूसरे की जेल की सलाखों के बीच हैं।