झारखंड : पलामू में अंधविश्वास के कारण ट्रिपल मर्डर, परिवार के 3 लोग मौत के घाट
Triple murder in Palamu due to superstition; three members of a family killed.

पलामू जिले के पांकी थानाक्षेत्र के आसेहर पंचायत स्थित पुरानीबथान गांव कुसड़ी में अंधविश्वास के चलते एक ही परिवार के तीन लोगों की बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतकों की पहचान 50 वर्षीय विजय भुईयां, 45 वर्षीय पत्नी कलिया देवी और 20 वर्षीय पुत्र छोटू भुईयां के रूप में हुई है। धारदार हथियार से हमला करने वाले आरोपी ओझा-गुणी का आरोप लगाते हुए गुस्साए ग्रामीण थे। इस घटना में पुत्री ममता कुमारी गंभीर रूप से घायल हो गई।
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, गांव के महेशी भुइयां कुछ दिनों से बीमार थे और शनिवार को उनकी मृत्यु हो गई। उनके बेटे रविद्र भुइयां और प्रमोद भुइयां ने पिता की मौत का कारण ओझा-गुणी बताया और विजय भुईयां के परिवार पर आरोप लगाकर रविवार की सुबह हमला कर दिया। दोनों भाइयों ने धारदार हथियार से तीनों पर हमला किया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घायल ममता कुमारी को ग्रामीणों की मदद से पांकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। घटना के समय विजय के बड़े बेटे पवन भुईयां और मंझले बेटे श्रवण भुईयां शहरों में थे, जबकि श्रवण की पत्नी मायके गई हुई थी। बड़ी बहू नीतू देवी अपने बच्चों के साथ घर पर थी और अपनी सूझबूझ से जान बचा सकीं।
छोटू भुईयां और ममता कुमारी आसेहर हाईस्कूल के छात्र हैं, जिनकी मैट्रिक परीक्षा दो दिनों बाद शुरू होने वाली थी। घटना के तुरंत बाद मुखिया ने पांकी थाने को सूचना दी। थाना प्रभारी राजेश रंजन ने बताया कि आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।









