राजस्थान दौरे पर प्रधानमंत्री मोदी, करणी माता मंदिर में की पूजा, बीकानेर-मुंबई एक्सप्रेस को दिखाई हरी झंडी

बीकानेर, 22 मई: ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की ऐतिहासिक सफलता के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को राजस्थान का दौरा किया। सुबह करीब 10:30 बजे वे बीकानेर के नाल एयरबेस पर पहुंचे, जहां राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और कानून एवं न्याय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने उनका स्वागत किया।
करणी माता मंदिर में पूजा-अर्चना
एयरबेस से प्रधानमंत्री मोदी सीधे देशनोक स्थित करणी माता मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना की। मंदिर परिसर में उन्होंने शूरवीरों की वीरगाथाओं पर आधारित प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया।
बीकानेर-मुंबई एक्सप्रेस को दिखाई हरी झंडी
इसके बाद प्रधानमंत्री ने देशनोक रेलवे स्टेशन पर बीकानेर-मुंबई एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने वहां मौजूद बच्चों से बातचीत भी की और उन्हें प्रोत्साहित किया।
‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद पहला दौरा
गौरतलब है कि यह दौरा हाल ही में सफल रहे ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद प्रधानमंत्री मोदी का राजस्थान में पहला आधिकारिक दौरा है, जिसे राजनीतिक और राष्ट्रीय सुरक्षा के दृष्टिकोण से बेहद अहम माना जा रहा है।
प्रधानमंत्री का यह दौरा जहां धार्मिक आस्था से जुड़ा रहा, वहीं उन्होंने रेल सेवाओं के माध्यम से आम जनता को भी बड़ा तोहफा दिया।









