मनरेगा लोकपाल पर महिला जनप्रतिनिधि ने लगाए गंभीर आरोप, CM हेमंत सोरेन से की कार्रवाई की मांग

चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनरेगा लोकपाल अरूणा अभाकार पर महिला जनप्रतिनिधि के साथ अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगा है. सदर प्रखंड के मुखिया संघ ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर अविलंब मनरेगा लोकपाल पर कर्रवाई करने की मांग की है. मुखिया संघ ने कहा कि 22 जून को सम्मानित दिवस के दौरान फोटो खिंचवाते समय लोकपाल ने कहा कि चश्मा वाली सुंदर महिला मेरे बगल में आकर खड़ी होकर फोटो खिचवायें. इससे सभी मुखियागण हतप्रभ हो गये.
महिला जनप्रतिनिधि लोकपाल के सामने अपने आप को असुरक्षित महसूस करती हैं. मनरेगा जैसे अतिमहत्वपूर्ण योजना के संचालन के पश्चात लोकपाल का अभद्र व्यवहार का सभी को सामना करना पड़ता है. महिला ने इस पर उचित कार्रवाई करने की मांग मुख्यमंत्री से की है.
मुखिया संघ ने मुख्यमंत्री से मांग की कि मनरेगा लोकपाल पर उचित कार्रवाई एवं आचरण की जांच कर कानूनी कार्रवाई करने की जाये, ताकि हम जनप्रतिनिधि निडर होकर महत्वपूर्ण योजनाओं का संचालन कर सकें और गरीब ग्रामीणों को इसका लाभ मिल सके.









