बिहार में महिलाओं ने रच दिया इतिहास! वोटिंग में ऐसा हुआ करिश्मा कि चौंक गए राजनीतिक पंडित…
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में महिला मतदाताओं ने पुरुषों को पछाड़ दिया — रिकॉर्ड तोड़ वोटिंग प्रतिशत से बदला चुनावी समीकरण

बिहार: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में इस बार महिला मतदाताओं ने ऐसा इतिहास रचा है, जिसे देखकर राजनीतिक विश्लेषक भी हैरान हैं। चुनाव आयोग के ताज़ा आंकड़ों के मुताबिक, राज्य में कुल 66.91 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया — जो 1951 में हुए पहले विधानसभा चुनाव के बाद सबसे अधिक है।
सबसे दिलचस्प बात यह रही कि महिलाओं ने वोटिंग में पुरुषों को पीछे छोड़ दिया।चुनाव आयोग के अनुसार, 6 नवंबर को हुए पहले चरण के मतदान में 61.56 प्रतिशत पुरुषों की तुलना में 69.04 प्रतिशत महिलाओं ने मतदान किया। वहीं दूसरे और अंतिम चरण में महिला मतदाताओं का जोश और बढ़ गया। इस चरण में महिलाओं की भागीदारी 74.03 प्रतिशत रही, जबकि पुरुष मतदाताओं का प्रतिशत 64.1 ही रहा।
यह आँकड़ा न केवल चुनावी इतिहास में नया रिकॉर्ड है, बल्कि यह संकेत भी देता है कि महिलाओं का वोट इस बार सत्ता के समीकरण को पलट सकता है।
2015 में भी महिलाओं का दबदबा रहा था
अगर पिछली बार यानी 2015 के विधानसभा चुनाव पर नज़र डालें, तो महिलाओं ने तब भी बढ़-चढ़कर मतदान किया था। उस समय महिलाओं का मतदान प्रतिशत 60.48 था, जबकि पुरुषों का 53.32 प्रतिशत।
वहीं 2000 के चुनावों में जहां पुरुषों का मतदान 70.71 प्रतिशत, वहीं महिलाओं का मात्र 53.28 प्रतिशत था। लेकिन अब तस्वीर बदल चुकी है — महिलाएं बिहार की राजनीति की नई दिशा तय करने को तैयार हैं।
क्या महिलाओं की वोटिंग बदल देगी नतीजे?
राजनीतिक गलियारों में अब यही चर्चा है कि महिलाओं की अभूतपूर्व भागीदारी किसके पक्ष में जाएगी। क्या ये वोट सत्ता परिवर्तन का संकेत हैं या मौजूदा सरकार के लिए समर्थन का इशारा? इसका जवाब तो नतीजे ही देंगे, लेकिन इतना तय है कि इस बार महिला मतदाताओं ने बिहार की राजनीति में नया मोड़ ला दिया है।









