शिबू सोरेन अपडेट: क्या है पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन की सेहत की स्थिति, स्वास्थ्य को लेकर ये आयी बड़ी जानकारी
Shibu Soren Update: What is the health condition of former Chief Minister Shibu Soren, this big information has come about his health

Shibu Soren Health Update : झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री, झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के संस्थापक और राज्यसभा सांसद शिबू सोरेन दिल्ली में भर्ती है। पिछले कई दिनों से उनका गहन चिकित्सा कक्ष में इलाज चल रहा है। दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में स्पेशलिस्ट डाक्टरों की टीम उनके इलाज में जुटी है।
शिबू सोरेन को 19 जून को रूटीन चेकअप के लिए दिल्ली लाया गया था, लेकिन इस दौरान उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। अस्पताल सूत्रों के मुताबिक 81 वर्षीय शिबू सोरेन उम्रजनित बीमारियों से जूझ रहे हैं, जिनमें किडनी की समस्या, मधुमेह और हाल ही में हुआ ब्रेन स्ट्रोक शामिल है। इसके बावजूद उनकी स्थिति में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है, जिसे उनके समर्थक प्रार्थनाओं और दुआओं का असर मान रहे हैं।
डाक्टरों के अनुसार उन्हें ब्रेन स्ट्रोक हुआ, जिसके कारण उनके शरीर के बाईं ओर पैरालिसिस हो गया। वह पहले से ही किडनी की बीमारी से पीड़ित हैं और पिछले एक साल से डायलिसिस पर हैं। इसके अलावा, उनकी ओपन हार्ट सर्जरी भी हो चुकी है और वह मधुमेह से भी जूझ रहे हैं। सर गंगाराम अस्पताल में न्यूरोलॉजी, कार्डियोलॉजी और नेफ्रोलॉजी के विशेषज्ञों की टीम उनकी देखभाल कर रही है।
शिबू सोरेन के लिए झारखंड में सभी धर्मों के लोग एकजुट होकर प्रार्थना कर रहे हैं। रांची के पहाड़ी मंदिर में रुद्राभिषेक, गढ़वा के बंशीधर मंदिर में विशेष पूजन, पश्चिमी सिंहभूम के मां कंसरा मंदिर में हवन और रातू रोड दुर्गा मंदिर में पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया। मस्जिदों में दुआएं मांगी जा रही हैं और चर्चों में भी उनके लिए प्रार्थनाएं हो रही हैं।









