दुनिया में जंग, भारत में बढ़ता ईंधन संकट… ‘मन की बात’ में पीएम मोदी की चेतावनी—क्या आने वाला है बड़ा असर?

नई दिल्ली। वैश्विक हालात को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को सतर्क रहने की बड़ी सलाह दी है। ‘मन की बात’ के 132वें एपिसोड में उन्होंने साफ कहा कि दुनिया में चल रहे युद्ध के कारण पेट्रोल-डीजल को लेकर संकट की स्थिति बन रही है, लेकिन भारत इस चुनौती का मजबूती से सामना कर रहा है।
प्रधानमंत्री ने अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच जारी तनाव का जिक्र करते हुए कहा कि जिस क्षेत्र में संघर्ष चल रहा है, वही भारत की ऊर्जा जरूरतों का प्रमुख केंद्र है। ऐसे में इसका असर वैश्विक स्तर पर दिखना स्वाभाविक है।
पीएम मोदी ने देशवासियों से खास अपील करते हुए कहा कि वे किसी भी अफवाह या भ्रामक जानकारी के बहकावे में न आएं। उन्होंने कहा, “सरकार की ओर से दी जा रही जानकारी पर भरोसा करें और उसी आधार पर कोई निर्णय लें।” उन्होंने यह भी चेताया कि कुछ लोग माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं, जो देशहित के खिलाफ है।
प्रधानमंत्री ने खाड़ी देशों का आभार जताते हुए बताया कि वहां रहने वाले एक करोड़ से अधिक भारतीयों की सुरक्षा और सहयोग सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भारत ने पिछले एक दशक में अपने वैश्विक संबंधों को मजबूत किया है, जिसके कारण आज देश इस तरह के संकटों से प्रभावी ढंग से निपटने में सक्षम है।
साथ ही पीएम मोदी ने इस मुद्दे पर राजनीति न करने की भी अपील की। उन्होंने कहा कि यह विषय 140 करोड़ देशवासियों के हित से जुड़ा है और अफवाह फैलाने वाले देश को नुकसान पहुंचा रहे हैं।
अंत में प्रधानमंत्री ने भरोसा जताया कि देश की एकजुटता और नागरिकों की ताकत से भारत इस चुनौती से भी सफलतापूर्वक बाहर निकल जाएगा, जैसे पहले भी कई बड़े संकटों का सामना किया गया है।









