VIDEO- मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का विदेश दौरा, मोबाइल की लाइट में देखी खनन की प्राचीन तकनीक और स्थापत्य कला…

VIDEO- मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का विदेश दौरा, मोबाइल की लाइट में देखी खनन की प्राचीन तकनीक और स्थापत्य कला…

बार्सिलोना/रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन विदेश दौरे के दौरान बार्सिलोना में थे। इस दौरान बार्सिलोना में मुख्यमंत्री ने कई जगहों को देखा। मुख्यमंत्री ने विदेश दौरे के क्रम में आज बार्सिलोना (स्पेन) स्थित प्रसिद्ध म्यूजियम डी गाव़ा (Museum de Gavà) का दौरा किया। यह संग्रहालय कैटलोनिया सरकार के संस्कृति विभाग द्वारा संचालित किया जाता है और यह प्राचीन खनन स्थलों के संरक्षण व उनके वैज्ञानिक व शैक्षणिक रूपांतरण का एक उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करता है।

मुख्यमंत्री ने अपने प्रतिनिधिमंडल के साथ इस संग्रहालय में नवपाषाण युग के खनन तकनीकों, औजारों और मानव सभ्यता के शुरुआती दौर से संबंधित अवशेषों का अवलोकन किया। यह संग्रहालय एक पुराने खनन स्थल पर स्थापित किया गया है, जिसे एक अत्याधुनिक वैज्ञानिक और शैक्षणिक केंद्र के रूप में विकसित किया गया है। इस प्रयोग से मुख्यमंत्री सोरेन ने प्रेरणा लेते हुए कहा कि झारखंड, विशेषकर कोल्हान क्षेत्र, में भी ऐसे कई प्राचीन खनन स्थल मौजूद हैं, जिन्हें इसी प्रकार नॉलेज टूरिज्म और शैक्षणिक केंद्र के रूप में विकसित किया जा सकता है।

उन्होंने जोर दिया कि झारखंड में खनिज संसाधनों की भरमार होने के बावजूद, इस प्रकार के स्थलों को संरक्षित कर आम जनता, छात्रों और शोधकर्ताओं के लिए एक अनुभवात्मक सीखने का केंद्र बनाया जा सकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि राज्य में ऐसे स्थलों की पहचान कर योजना बनाई जाए, जिससे राज्य को एक नई दिशा में शैक्षणिक और सांस्कृतिक पर्यटन के रूप में प्रस्तुत किया जा सके।

इसके साथ ही, मुख्यमंत्री ने बार्सिलोना की विश्व प्रसिद्ध सांस्कृतिक धरोहर साग्रादा फमिलिया (Sagrada Família) का भी दौरा किया। यह स्थल महान वास्तुकार एंटोनी गाउदी की दूरदर्शी सोच और कला का प्रतीक है। मुख्यमंत्री ने गाउदी की स्थापत्य कला की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी सांस्कृतिक धरोहरें विश्वभर में पर्यटन और पहचान का मजबूत आधार बनती हैं, और झारखंड भी अपनी सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक पटल पर पहचान दिलाने में सक्षम है।

 

मुख्यमंत्री सोरेन के इस दौरे से न केवल राज्य में पर्यटन और सांस्कृतिक विकास की संभावनाएं प्रबल हुई हैं, बल्कि यह झारखंड के खनन इतिहास को भी एक नई पहचान देने की दिशा में मील का पत्थर साबित हो सकता है।

Related Articles

close