Video: सरहद पर रात के धमाके…वीडियो में गूंजे विस्फोट…क्या शुरू हो चुका है खुला युद्ध? पाकिस्तान–अफगानिस्तान टकराव ने लिया खतरनाक मोड़

नई दिल्ली: दक्षिण एशिया की सरहदों पर एक बार फिर बारूद की गंध तेज हो गई है। पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच बढ़ता तनाव अब हवाई हमलों तक पहुंच चुका है। अफगानिस्तान के रक्षा मंत्रालय ने एक कथित वीडियो जारी किया है, जिसमें रात के अंधेरे में जोरदार धमाकों की आवाजें सुनाई दे रही हैं। दावा किया जा रहा है कि ये हमले पाकिस्तान की सीमा के भीतर मौजूद सैन्य ठिकानों पर किए गए।
हालांकि, जारी फुटेज के आधार पर सटीक लोकेशन की स्वतंत्र पुष्टि फिलहाल नहीं हो सकी है। लेकिन इन दावों ने क्षेत्र में तनाव को और भड़का दिया है।
Video सीमाओं पर सन्नाटा… और आसमान से गिरते बम
रिपोर्ट्स के मुताबिक, दोनों देशों की सीमाओं पर हालात बेहद संवेदनशील बने हुए हैं। जानकारी यह भी सामने आ रही है कि पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के कई प्रांतों में हवाई हमले किए हैं।
विशेषज्ञों का मानना है कि 2021 में तालिबान की सत्ता में वापसी के बाद यह पाकिस्तान की ओर से सबसे बड़ा सैन्य कदम माना जा रहा है।
बताया जा रहा है कि कंधार और काबुल के आसपास के इलाकों में बमबारी की खबरें हैं, हालांकि आधिकारिक स्तर पर दोनों पक्षों से सीमित जानकारी ही साझा की जा रही है।
VIDEO | Afghanistan's Taliban-led Defence Ministry releases footage of strikes on Pakistani targets.
(Source: Third Party) pic.twitter.com/alqC13PuYD
— Press Trust of India (@PTI_News) February 27, 2026
Video: अंतरराष्ट्रीय हलकों में हलचल
इस बीच, अमेरिका के राष्ट्रपति Donald Trump ने पाकिस्तान के साथ अपने संबंधों को लेकर सकारात्मक टिप्पणी की है। उन्होंने कहा,
“पाकिस्तान के साथ मेरे संबंध बहुत अच्छे हैं। आपके पास एक महान प्रधानमंत्री और एक महान जनरल हैं।”
ट्रंप से यह सवाल पूछा गया था कि क्या वे पाकिस्तान द्वारा अफगानिस्तान के खिलाफ कथित “खुले युद्ध” को रोकने के लिए हस्तक्षेप करेंगे। उनके बयान ने अंतरराष्ट्रीय कूटनीति में नई चर्चा छेड़ दी है।
अमेरिका की प्रतिक्रिया
अमेरिका की उप विदेश मंत्री एलिसन हूकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जानकारी दी कि उन्होंने पाकिस्तान की विदेश मंत्री आमना बलूच से बातचीत की। उन्होंने हालिया संघर्ष में जान गंवाने वालों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
उन्होंने कहा, “हम स्थिति पर बारीकी से नजर रख रहे हैं और तालिबान के हमलों के खिलाफ आत्मरक्षा करने के पाकिस्तान के अधिकार का समर्थन करते हैं।”
Video: दोनों पक्षों के दावे
पाकिस्तान ने शुक्रवार को एक बयान जारी कर कहा कि अफगानिस्तान के खिलाफ “खुली जंग” जारी है। पाकिस्तान का दावा है कि उसके हवाई हमलों में 270 से अधिक तालिबान लड़ाके मारे गए और 400 से ज्यादा घायल हुए। ये कार्रवाई कथित तौर पर सीमा पार से हुए हमलों के जवाब में की गई।
वहीं, अफगानिस्तान में तालिबान सरकार के प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने दावा किया कि अफगान बलों ने 55 पाकिस्तानी सैनिकों को मार गिराया और पाकिस्तान के भीतर उन ठिकानों को निशाना बनाया, जिन्हें उन्होंने “महत्वपूर्ण सैन्य लक्ष्य” बताया।









