हरियाणा रिजल्ट के दूसरे दिन UP उपचुनाव के लिए सपा की लिस्ट जारी

उत्तर प्रदेश में उपचुनाव का ऐलान अभी नहीं हुआ है लेकिन उससे पहले समाजवादी पार्टी ने छह सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है. सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने करहल सीट से तेजप्रताप को उतारा है. वहीं सीसामऊ विधानसभा सीट से पूर्व विधायक इरफान सोलंकी की पत्नी नसीम सोलंकी को टिकट दिया है. इसके वहीं मिल्कीपुर से अजीत प्रसाद को टिकट दिया है.

अखिलेश यादव ने फूलपुर विधानसभा सीट से मुस्तफा सिद्दीकी को, कटेहरी विधानसभा सीट से शोभावती वर्मा को और मझवां सीट से डॉ. ज्योति बिंद को मैदान में उतारा है. वहीं विधानसभा उपचुनाव के लिए सबसे चर्चित सीट मिल्कीपुर पर अयोध्या से सांसद अवधेश प्रसाद के बेटे अजीत प्रसाद पर भरोसा जताया है. क्योंकि उनको टिकट मिलने की अटकलें काफी पहले से ही लगाई जा रही थी.

उपचुनाव के सपा उम्मीदवार का नाम तय

दरअसल समाजवादी पार्टी ने जिन छह सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा की है. उसमें दो सीटें ऐसी हैं, जहां पर भाजपा ने 2022 विधानसभा में जीत हासिल की थी. यह दो सीटें फूलपुर और मझवां सीट है. इन दोनों ही सीटों पर गठबंधन के तहत कांग्रेस अपनी दावेदारी पेश कर रही थी लेकिन अब सपा ने उम्मीदवारों की घोषणा कर मुकाबले के दिलचस्प होने का ऐलान कर दिया है.

सपा का कांग्रेस से गठबंधन?




सूत्रों की मानें तो कांग्रेस सपा के साथ गठबंधन के लिए पांच सीटों पर अपना दावा कर रही थी लेकिन उससे पहले ही सपा ने उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया है. यानी अब कांग्रेस को पांच सीट मिलने की संभावना नहीं है. सपा कांग्रेस को एक से दो सीट देने का मन बना चुकी है. हालांकि इन दोनों के गठबंधन की कोई भी तस्वीर सामने नहीं आई है.

जल्द होगी तारीखों का ऐलान

बता दें कि यूपी में लोकसभा चुनाव के बाद खाली हुई सीटों पर अब उपचुनाव का ऐलान किसी भी दिन हो सकता है. इसके अलावा महाराष्ट्र और झारखंड विधानसभा चुनाव के तारीखों की घोषणा हो सकती है.

Related Articles

close