सड़क पर बेकाबू SUV का तांडव! महिला को 50 मीटर तक घसीटा, 6 गाड़ियों को रौंदते हुए मचाई तबाही
नवी मुंबई के रिहायशी इलाके में खौफनाक हादसा, गंभीर रूप से घायल महिला अस्पताल में भर्ती; आरोपी ड्राइवर पर केस दर्ज

Navi Mumbai। नवी मुंबई के सीबीडी-बेलापुर इलाके में तेज रफ्तार SUV ने सड़क पर ऐसा तांडव मचाया कि पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। बेकाबू कार ने सड़क पर चल रही एक महिला को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी और करीब 50 मीटर तक घसीटते हुए ले गई। इसके बाद भी कार नहीं रुकी और सड़क किनारे खड़ी कई गाड़ियों को टक्कर मारते हुए आगे निकल गई।
यह हादसा रिहायशी इलाके में फुटपाथ के पास हुआ, जहां 35 वर्षीय महिला पैदल जा रही थी। हादसे में घायल महिला की पहचान मोहिनी शिंदे के रूप में हुई है, जो आर्टिस्ट गांव के पास झुग्गी-झोपड़ी में रहती हैं और आसपास के फ्लैटों में घरेलू काम करके अपना गुजारा करती हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक तेज रफ्तार SUV ने महिला को टक्कर मारने के बाद लगभग 50 मीटर तक घसीटा। इसके बाद कार सड़क किनारे खड़ी चार कारों, एक ऑटो रिक्शा और एक स्पोर्ट्स बाइक से टकरा गई। इस घटना में कुल छह वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत घायल महिला को पास के MGM Hospital पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार महिला के सिर में गंभीर चोट आई है और चेहरे व घुटनों पर भी गहरे जख्म हैं। फिलहाल वह होश में है और उसकी हालत में धीरे-धीरे सुधार बताया जा रहा है।
इस मामले में स्थानीय निवासी आर्चीज सावंत की शिकायत पर CBD Belapur Police Station में आरोपी चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और मोटर वाहन अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार SUV चला रहा युवक विक्रम गंगाधर कांबले (19) है, जबकि उसके साथ कार में आकाश चंद्रकांत कांबले (26) भी मौजूद था, जो पेशे से निजी ड्राइवर है। दोनों आपस में दूर के रिश्तेदार बताए जा रहे हैं।
मामले को लेकर पुलिस का कहना है कि घटना की जांच जारी है और लापरवाही से वाहन चलाने व लोगों की जान को खतरे में डालने के आरोप में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।









