गर्म माड़ में दो बच्ची झुलसी मामला : स्कूल प्रबंधन को शो कॉज… प्रधानाध्यापक को पद से हटाया.. संयोजिका और रसोईया को भी किया कार्यमुक्त

पलामू । जिले के तहसील प्रखंड की सिलारी पंचायत के मध्य विद्यालय में गरम माड़ में गिरने से दो बच्चियों के झुलसने की घटना पर प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी परमेश्वर साव ने बड़ी कार्रवाई की है। संकुल साधन सेवी की रिपोर्ट पर सचिव सह प्रधानाध्यापक उमादेवी से स्पष्टीकरण पूछते हुए उन्हें पद से हटा दिया गया है। इसी विद्यालय में कार्यरत सहायक शिक्षक विजय यादव को प्रभारी प्रधानाध्यापक बनाया गया है। प्रधानाध्यापक को इसी विद्यालय में सहायक शिक्षक के पद पर रखा गया है। संयोजिका शोभा देवी और रसोईया कालो देवी एवं सविता देवी को कार्य मुक्त कर दिया गया है। विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष वीरेंद्र शाह को भी शो कॉज किया गया है। इस घटना में उनकी भी लापरवाही को दर्शाया गया है, उन्हें पद मुक्त करने की चेतावनी दी गई है।
प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी अपनी रिपोर्ट में कहा है कि विद्यालय में बच्चों को मध्यान भोजन बनाने के क्रम में चावल बनाने के बाद उसका गर्म माड़ खुले में छोड़ने से यह घटना हुई है। प्रधानाध्यापक स्कूल में रहते हुए भी इस पर ध्यान नहीं दिया। ऐसे में इस मामले में प्रधानाध्यापक की लापरवाही साबित होती है। ऐसे में उन्हें भी शो कॉज भी किया गया है, और कहा गया है कि ऐसी लापरवाही के लिए उनकी सेवा भी समाप्त हो सकती है।
बच्चे के जख्म में थोड़ा सुधार
जख्मी दोनों बच्चे आपस में बहन हैं। रिम्स में इलाज होने से उनके जख्मों में कुछ सुधार हैं। दोनो बहनों को एंबुलेंस के माध्यम से जिला प्रशासन बेहतर इलाज के लिए रिम्स भेजा है। तरहसी के सीडीपीओ सह बीडीओ सच्चिदानंद महतो ने स्वयं रांची रिम्स आकर उन्हें भर्ती कराया है। सीडीपीओ ने सोमवार को बताया कि दोनों बच्चों का इलाज रिम्स के बर्न वार्ड में किया जा रहा है। प्रशासनिक स्तर पर 50 हजार रुपए की आर्थिक मदद दी गई है।









