दुखद! पति की हुई मौत, तो कुछ ही मिनटों बाद पत्नी ने भी तोड़ दिया दम, एक साथ दोनों की उठी अर्थियां, एक ही चिता पर अंतिम संस्कार…

Regional News: रिश्तों की गहराई को दर्शाने वाली एक मार्मिक घटना सामने आई है। लंबे समय से बीमार पति की मौत की खबर सुनते ही पत्नी को गहरा सदमा लगा और कुछ ही मिनटों के भीतर उसने भी दम तोड़ दिया। पति-पत्नी की एक साथ मौत से पूरा इलाका शोक में डूब गया। पूरा मामला उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की है। जहां के पनियरा नगर पंचायत स्थित दीनदयाल नगर का है।
जानकारी के मुताबिक एक बुजुर्ग दंपती की लगभग एक साथ हुई मौत ने पूरे इलाके को गहरे शोक में डुबो दिया। बताया जा रहा है कि बीमार चल रहे पति की मृत्यु के कुछ ही मिनटों बाद पत्नी भी इस सदमे को सहन नहीं कर सकी और उसने भी दुनिया को अलविदा कह दिया। 70 वर्षीय लालमन सिंह बीते काफी समय से अस्वस्थ चल रहे थे।
उम्र बढ़ने के साथ उनकी तबीयत लगातार गिरती जा रही थी। परिजन उनका इलाज करा रहे थे और घर पर ही उनकी देखभाल की जा रही थी। बुधवार की रात लालमन सिंह ने रोज की तरह भोजन किया और सो गए। परिवार को यह बिल्कुल अंदाजा नहीं था कि यह उनकी जिंदगी की आखिरी रात साबित होगी।
सुबह सामने आई दुखद सच्चाई
सुबह जब उनकी 62 वर्षीय पत्नी रूमाली देवी ने उन्हें जगाने की कोशिश की, तो कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। काफी देर तक आवाज देने और झकझोरने के बाद भी जब शरीर में कोई हरकत नहीं हुई, तो उन्हें अनहोनी का अहसास हुआ। आसपास के लोगों और परिजनों को बुलाया गया, लेकिन तब तक लालमन सिंह की सांसें थम चुकी थीं।
पति को मृत अवस्था में देखकर रूमाली देवी बेसुध हो गईं। वह शव के पास बैठकर फूट-फूटकर रोने लगीं और बार-बार विलाप करने लगीं। अचानक वह जोर से चीख पड़ीं और जमीन पर गिर गईं। शुरुआत में लोगों को लगा कि वह गहरे सदमे के कारण बेहोश हो गई हैं। उन्हें पानी के छींटे दिए गए और होश में लाने की कोशिश की गई, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।
डॉक्टरों ने पत्नी को भी किया मृत घोषित
परिजन तत्काल रूमाली देवी को डॉक्टर के पास लेकर पहुंचे, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें भी मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार, अत्यधिक मानसिक आघात के कारण हार्ट अटैक या सदमे से उनकी मौत होने की आशंका है। कुछ ही मिनटों के अंतराल में पति और पत्नी दोनों की मौत की खबर से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
स्थानीय लोगों के अनुसार, लालमन सिंह और रूमाली देवी का दांपत्य जीवन बेहद सादा, शांत और प्रेमपूर्ण रहा। दोनों एक-दूसरे के बिना जीवन की कल्पना तक नहीं करते थे। मोहल्ले के लोग बताते हैं कि दोनों हमेशा साथ रहते थे और एक-दूसरे का विशेष ख्याल रखते थे।
एक साथ उठी अर्थी, एक ही चिता पर अंतिम संस्कार
गुरुवार को जब पति-पत्नी की अर्थी एक साथ उठी, तो माहौल बेहद भावुक हो गया। मोहल्ले के लोग, रिश्तेदार और परिचित बड़ी संख्या में अंतिम यात्रा में शामिल हुए। रोहिन नदी के भौरा बारी श्मशान घाट पर दोनों का अंतिम संस्कार किया गया। परिजनों ने भावुक निर्णय लेते हुए पति-पत्नी का अंतिम संस्कार एक ही चिता पर किया।



















