टॉपरों ने रचायी शादी: UPSC टॉपर ने BPSC टॉपर संग लिये फेरे, IAS शुभम कुमार ने रचायी IRS प्रियांगी के साथ शादी
Toppers got married: UPSC topper tied the knot with BPSC topper, IAS Shubham Kumar got married to IRS Priyangi

UPSC Topper Shubham Married IRS Priyangi: देश के दो होनहार अफसर, UPSC टॉपर IAS शुभम कुमार और BPSC टॉपर प्रियांगी मेहता ने शादी रचा दी है। पटना के एक रिसॉर्ट में दोनों परिणय सूत्र में बंधे। पटना में हुई ये शादी चर्चा में रही। 2020 के UPSC टॉपर और IAS अधिकारी शुभम कुमार ने IRS अधिकारी प्रियांगी मेहता के साथ सात फेरे लिए।
दोनों ही अधिकारी न केवल प्रशासनिक सेवा में हैं, बल्कि संघर्ष और सफलता की कहानियों से युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत भी हैं।
IAS शुभम कुमार: कटिहार से UPSC टॉप तक का सफर
शुभम कुमार बिहार के कटिहार जिले के कुम्हारी गांव के निवासी हैं। उन्होंने IIT मुंबई से सिविल इंजीनियरिंग में बीटेक किया। ग्रेजुएशन के बाद तीसरे प्रयास में उन्होंने 2020 में UPSC परीक्षा में टॉप कर पूरे देश में नाम रोशन किया। उन्हें बिहार कैडर मिला और फिलहाल वे भागलपुर नगर निगम में नगर आयुक्त के पद पर कार्यरत हैं। उनके पिता देवानंद सिंह उत्तर बिहार ग्रामीण बैंक में मैनेजर हैं और माता पूनम देवी एक गृहिणी हैं।
IRS प्रियांगी मेहता: BPSC टॉपर से UPSC तक का सफर
दुल्हन बनीं प्रियांगी मेहता पटना सिटी के संदलपुर की रहने वाली हैं। उन्होंने काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) से राजनीति विज्ञान में स्नातक किया है। प्रारंभिक शिक्षा सत्यम इंटरनेशनल स्कूल और अरविंद महिला कॉलेज से पूरी की। पहले BPSC की 68वीं परीक्षा में टॉप किया और फिर 2021 में UPSC में 261वीं रैंक हासिल कर IRS (Indian Revenue Service) में चयनित हुईं।
सामान्य परिवार से निकलकर असाधारण सफलता
प्रियांगी एक सामान्य मध्यमवर्गीय परिवार से आती हैं। उनके पिता मिथिलेश गुप्ता बहादुरपुर, पटना में कंप्यूटर सर्विस सेंटर चलाते हैं। तीन बहनों में वे सबसे बड़ी हैं। छोटी बहन अदिति बीकॉम की पढ़ाई कर रही हैं और सबसे छोटी बहन आस्था नीट की तैयारी में जुटी हैं।