नोबेल शांति पुरस्कार से सम्मानित कैलाश सत्यार्थी के आह्वाहन पर बाल विवाह के खिलाफ ली शपथ

डारगुवा । स्वतंत्रता दिवस की पूर्वसंध्या पर गैर सरकारी संगठन साई ज्योति संस्थान बाल विवाह के खिलाफ लोगों को जागरूक करने के लिए शासकीय हाई स्कूल डारगुवा में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया। इस दौरान गांवों और स्कूलों में रैलियां निकाली गईं और लोगों को बाल विवाह के खिलाफ शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर , शासकीय हाई स्कूल के प्राचार्य एवं समस्त शिक्षक और अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित थे।

साई ज्योति संस्था के जिला समन्वयक कृष्ण कान्त अहिरवार ने बताया कि संस्था द्वारा बाल विवाह के खिलाफ यह जागरूकता अभियान नोबेल शांति पुरस्कार से सम्मानित और विश्व प्रसिद्ध बाल अधिकार कार्यकर्ता कैलाश सत्यार्थी के आह्वान पर चलाया जा रहा है जिन्होंने देशवासियों से एकजुट होकर बाल विवाह मुक्त भारत बनाने की अपील की है। उनके इस आह्वान पर देश भर के गैर सरकारी संगठन एकजुट होकर बाल विवाह के खिलाफ साझा अभियान चला रहे हैं।

इस अवसर पर साईं ज्योति संस्था साथी रमन शर्मा ने कहा,भारत ने पिछले कुछ दशकों में बाल विवाह की बुराई को रोकने की दिशा में उल्लेखनीय प्रगति की है लेकिन आंकड़े बताते हैं कि स्थिति अभी भी गंभीर है। नेशनल फैमिली हेल्थ सर्वे की 2019-21 की रिपोर्ट के अनुसार देश में 20 से 24 आयु वर्ग में आने वाली 23.3 फीसद महिलाएं ऐसी हैं जिनका 18 साल से पहले ही विवाह कर दिया गया था। उन्होने कहा कि आंकड़े बताते हैं कि बाल विवाह के मामलों में पश्चिम बंगाल शीर्ष पर है जबकि इसके बाद बिहार और त्रिपुरा का नंबर है। उन्होने कहा कि गरीबी और अशिक्षा इसके पीछे प्रमुख कारण हैं लेकिन जागरूकता की कमी और रूढ़िवादी सोच भी काफी हद तक जिम्मेदार हैं।

इस अवसर पर साईं ज्योति संस्था के सचिव अजय श्रीवास्तव ने कहा, “आज हम आजादी का अमृत महोत्सव मना रहे हैं। इन 75 वर्षों में हमने बहुत तरक्की की है और बहुत सारी उपलब्धियां हासिल की हैं लेकिन आज भी बाल विवाह जैसी सामाजिक बुराई देश के माथे पर कलंक है। उन्होने कहा कि देश को शक्तिशाली बनाने और तरक्की की राह पर ले जाने के लिए बेटियों की सुरक्षा जरूरी है। पिछले कुछ वर्षों में केंद्र और राज्य सरकारों ने विभिन्न योजनाओं और नीतिगत बदलावों के माध्यम से बेटियों के सशक्तीकरण और बाल विवाह के खात्मे के लिए तमाम कदम उठाए हैं लेकिन समाज को भी अपनी भूमिका निभानी होगी। उन्होने कहा कि सामाजिक जागरूकता और लोगों के सहयोग से ही बच्चों के बचपन को लील जाने वाली इस बुराई को खत्म किया जा सकता है।”

उन्होंने कहा कि बाल विवाह को खत्म करने के प्रति स्थानीय प्रशासन भी काफी संवेदनशील है। यही कारण है कि इसके खिलाफ अभियानों में स्थानीय प्रशासन से भी काफी सहयोग मिल रहा है।

इस अवसर पर श्री दामोदर प्रसाद लोधी प्राचार्य हाई स्कूल डारगुवा, के साथ-साथ शिक्षक गणों ने ओमप्रकाश विश्वकर्मा वंदना तिवारी नीलेश जैन क्रांति नायक दीपक तिवारी राधे कृष्ण सॉन्ग सुशीला ठाकुर अनामिका सोनी एवं साईं ज्योति संस्था से कृष्णकांत आहिरवार रमन शर्मा प्रभु दयाल रीना कुशवाहा काजल कोरी सुरेंद्र कड़ा सुरेश अहिरवार सहित गांव के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Related Articles

close