झारखंड: पुलिस की वर्दी में डकैती करता था ये गैंग, पुलिस ने गैंग के दो डकैतों को किया गिरफ्तार, पुलिस के सामने डकैतों का चौकाने वाला खुलासा
Jharkhand: This gang used to commit robbery in police uniform, police arrested two dacoits of the gang, shocking disclosure of the dacoits in front of the police

Jharkhand Crime News: पुलिस ने लूटेरों के ऐसे गैंग का खुलासा किया है, जो पुलिस की वर्दी में डकैती की वारदात किया करता था। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, वहीं गैंग के अन्य सदस्योंकी भी तलाश पुलिस कर रही है। मामला जामताड़ा के नारायणपुर थाना क्षेत्र के रूपडीह का है। जहां पुलिस की वर्दी में डकैती की घटना को अंजाम देने के आरोप में पुलिस ने दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है।
वहीं देवघर जिले के मारगोमुंडा पुलिस ने भी एक अपराधी को करमाटांड़ से गिरफ्तार किया है। जानकारी के मुताबिक 12 जनवरी को नारायणपुर थाना क्षेत्र के रूपडीह गांव के भरत मंडल के घर पर अज्ञात लोगों ने पुलिस की वर्दी में डकैती की घटना को अंजाम दिया था। भरत मंडल के आवेदन पर नारायणपुर थाना में कांड संख्या 03-2025 दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ किया गया। कहा कि सीमावर्ती थाने में इस तरह की घटना हुई है।
सीमावर्ती सीमा क्षेत्र के मारगोमुंड़ा थाने की पुलिस के सहयोग से करमाटांड़ के सुब्दीडीह (छायांटांड़) गांव से समद अंसारी को गिरफ्तार किया गया, जिसे अपने साथ मारगोमुंडा ले गये, जबकि नारायणपुर पुलिस ने दिघारी गांव के शहाबुद्दीन अंसारी उर्फ भलुवा को गिरफ्तार किया है। एसडीपीओ ने कहा कि इन अभियुक्तों की संलिप्तता कांड में पाई गयी। ये सभी पुलिस की वर्दी में गाड़ी बदल-बदल कर हथियार के बल पर जामताड़ा, गिरिडीह एवं देवघर के सीमावर्ती क्षेत्रों में डकैती की घटना का अंजाम देकर भाग जाते थे।
गिरफ्तार अभियुक्त समद अंसारी करमाटांड़ थाना कांड संख्या 09-2024 में वांछित अभियुक्त है। शहाबुद्दीन अंसारी उर्फ भलुवा नारायणपुर थाना कांड संख्या 79-2024 का वारंटी अभियुक्त है। उक्त दोनों अभियुक्तों ने अपने सहकर्मियों के नाम की भी संलिप्तता बताई है, जिनकी गिरफ्तारी व घटना में उपयोग किये गये हथियार की बरामदगी के लिए छापेमारी की जा रही है। छापेमारी दल में नारायणपुर सर्किल इंस्पेक्टर मनोज कुमार महतो, नारायणपुर थाना प्रभारी मुराद हसन, एसआइ साकेत प्रताप देव, एसआइ राजीव कुमार रंजन, एएसआइ राम कुमार सिंह आदि शामिल थे।