झारखंड में फोर्थ ग्रेड के पदों पर होगी भर्ती, JSSC लेगा परीक्षा, जानिए आवेदन प्रक्रिया और योग्यता
Jharkhand will recruit fourth grade positions, JSSC will conduct the exam, learn about the application process and eligibility.

झारखंड सरकार ने राज्य में लंबे समय से लंबित Jharkhand Fourth Grade Recruitment 2025 प्रक्रिया को हरी झंडी दे दी है। सोमवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में यह निर्णय लिया गया कि अब चतुर्थ वर्गीय (फोर्थ ग्रेड) पदों पर नियमित भर्ती झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) के माध्यम से होगी। नई नियमावली के अनुसार, मैट्रिक पास उम्मीदवार परीक्षा में शामिल हो सकेंगे।
संविदा कर्मियों और दैनिक मजदूरों को उनके सेवा वर्षों के आधार पर अतिरिक्त ग्रेस अंक दिए जाएंगे। पांच वर्ष लगातार कार्यरत रहने वालों को 7.5 अंक, जबकि 10 वर्ष या उससे अधिक सेवा करने वालों को 15 ग्रेस अंक का लाभ मिलेगा। प्रत्येक कार्य वर्ष पर 1.5 अंक दिए जाएंगे, जिसकी अधिकतम सीमा 15 अंक होगी। इसके साथ ही, आयु सीमा में भी राहत दी जाएगी — एक वर्ष कार्य पर एक वर्ष की छूट मिलेगी, अधिकतम 10 वर्ष तक। हालांकि, 50 वर्ष से अधिक उम्र के उम्मीदवारों को यह छूट नहीं दी जाएगी।
नई नीति के तहत सचिवालय और समाहरणालय के लिए दो अलग-अलग संवर्ग बनाए जाएंगे, लेकिन परीक्षा समान होगी। इन पदों का नया नाम “मल्टी पर्पस स्टाफ” रखा गया है। वेतनमान ₹5200–₹20200 और ग्रेड पे ₹1800 तय किया गया है।
कैबिनेट बैठक में अन्य अहम फैसले भी हुए। आंबेडकर आवास योजना के तहत सहायता राशि ₹1.30 लाख से बढ़ाकर ₹2 लाख की गई। अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ियों सलीमा टेटे और निक्की प्रधान की भूमि रजिस्ट्रेशन फीस माफ की गई। वहीं, राज्य के इंजीनियरिंग और पॉलिटेक्निक संस्थानों के कर्मियों को 1 जनवरी 2016 से पेंशन की स्वीकृति दी गई।









