झारखंड: पुलिस भर्ती के नियमों में होगा बदलाव, मुख्यमंत्री के निर्देश पर प्रस्ताव हो रहा तैयार, अभ्यर्थियों को हो जायेगी आसानी
Jharkhand: There will be a change in the rules of police recruitment, proposal is being prepared on the instructions of the Chief Minister, it will become easier for the candidates.

Jharkhand News: हेमंत सरकार पुलिस भर्ती के नियमों में बदलाव करने की तैयारी में है। विभाग की तरफ से प्रस्ताव तैयार कर जल्द ही कैबिनेट में भेजा जा सकता है। दरअसल उत्पाद सिपाही भर्ती के दौरान कई युवाओं की मौत हो गयी थी, जिसके बाद अब राज्य सरकार भर्ती नियमों में बदलाव करने की तैयारी में है। जानकारी के मुताबिक होमगार्ड जवानों की बहाली इस बदले नियम को आजमाया जा सकता है।
दरअसल उत्पाद सिपाही की भर्ती में दौड़ की दूरी और समय को लेकर सवाल उठे थे। लिहाजा अब होमगार्ड जवानों की भर्ती में शारीरिक परीक्षा के दौरान समय और दूरी को कम किया जा सकताहै। विभाग की तरफ से पुलिस नियुक्ति, उत्पाद सिपाही नियुक्ति या जेल के कक्षपाल की नियुक्ति में शारीरिक परीक्षा को एक समान करने पर विचार हो रहा है।
विभाग की तरफ से नियमावली तैयार कर इसे कैबिनेट में भेजा जायेगा, कैबिनेट में मुहर लगने के बाद संशोधित नियम भर्ती में लागू हो जायेगा। माना जा रहा है कि अभ्यर्थियों को भर्ती के दौरान 10 किमी से कम दूरी तय करना पड़ेगा। हालांकि वो दूरी कितनी होगी और कितना समय निर्धारित होगा, इसे लेकर अभी जानकारी नहीं मिली है।
उत्पाद सिपाही के साथ-साथ पुलिस जवान, होमगार्ड जवान, कक्षपाल आदि तमाम नियुक्तियों के लिए एक ही नियमावली होगी जिसे कार्मिक विभाग तैयार कर रहा है। कार्मिक विभाग के सूत्रों के अनुसार नई नियमावली में दौड़ के लिए निर्धारित दूरी और समय को कम किया जा सकता है। इससे युवाओं को कम समय में पहले से कम दूरी को तय करना होगा। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर पुलिस जवान की बहाली से संबंधित नियमावली को संशोधित किया जा रहा है।
आपको बता दें कि उत्पाद सिपाही भर्ती के दौरान कई अभ्यर्थियों की मौत हो गयी थी। उस वक्त इस मामले में भाजपा ने हेमंत सरकार पर जमकर हमला किया था। जबकि हेमंत सोरेन ने इसके लिए कोरोना वैक्सिन को जिम्मेदार बताया था। चुनाव के पहले ये मुद्दा खूब गरमाया था। अभ्यर्थी की मौत के लिए 10 किमी की दौड़ को जिम्मेदार बताया गया था। लिहाजा अब सरकार उन कमियों को दूर करने पर विचार कर सकती है।