बताओ भला ऐसे भी लूटता है कोई ! ट्रक का चक्का खुल रहा, कहकर रोकवायी गाड़ी और तमंचे की नोंक लूट ली ट्रक, जाते-जाते ड्राइवर को नंगा कर जंगल में छोड़ा

जामताड़ा। झारखंड के जामताड़ा में लूट की एक अजीबोगरीब वारदात हुई है। पहले तो ट्रक लूटा और फिर नंगा करके जंगल में छोड़ दिये। घटना फतेहपुर-जामताड़ा के बीच गोविंदपुर-साहिबगंज हाईवे की बताई जा रही है। किसी तरह से ट्रक ड्राइवर अमर सिंह थाना पहुंचा और के बयान पर जामताड़ा टाउन में रविवार देर शाम प्राथमिकी दर्ज कर मामले की तहकीकात शुरू की गई है।

दरअसल असम के तेजपुर से ट्रक लेकर ड्राइवर लौट रहा था। इसी दौरान बोलेरो सवार बदमाशों ने फतेहपुर के पास ट्रक को ओवरटेक किया और बताया कि ट्रक का चक्का खुल रहा है, जैसे ही ट्रक ड्राइवर चक्का चेक करने उतरा, बोलेरो सवार बदमाशों ने बंदूक की नोंक पर ड्राइवर खलासी को कब्जे में लिया और फिर ट्रक लेकर भाग गये। बाद में लूटेरों ने फतेहपुर से सटे जंगल में ट्रक ड्राइवर के कपड़े तक उतरवा लिए और नग्न अवस्था में वहीं छोड़ दिया।

ड्राइवर के मुताबिक ट्रक में जीपीआरएस में अंतिम लोकेशन नारायणपुर थाना क्षेत्र के चंदाडीह लखनपुर दिख रहा था। इसके आगे कोई लोकेशन नहीं दिखाई दे रहा है। ड्राइवर ने पुलिस को बताया कि बोलेरो सवार बदमाशों ने हाथ-पैर बांधकर बोलेरो के पीछे की सीट पर लिटा दिया और दो घंटे तक इधर-उधर घुमाते रहे। इसके बाद बदमाशों ने रात के अंधेरे में उसे एक जंगली इलाके में उतारकर फरार हो गये। ट्रक ड्राइवर रात करीब 11:30 बजे जामताड़ा-दुमका सीमावर्ती क्षेत्र के एक जंगल में नग्न अवस्था में ही वह रात में पड़ा रहा। उसका मोबाइल और एटीएम कार्ड समेत अन्य दस्तावेज भी बदमाश साथ ले गए।

ड्राइवर नंगे हालत में ही किसी तरह पास के गांव के घरों में पहुंचा और लूटपाट की जानकारी दी। रात भर ड्राइवर गांव में ही रूका, सुबह होने पर दुमका के मसलिया थाना पहुंचा, जहां से उसे जामताड़ा थाना में जाकर प्राथमिकी दर्ज कराने का सलाह दी। जामताड़ा पहुंचने पर उसे गोविंदपुर थाना जाने के लिए बोला गया। फिर वह गोविंदपुर भी गया, लेकिन वहां भी प्राथमिकी नहीं दर्ज की गई। बाद में रविवार की देर शाम को जामताड़ा टाउन थाने में प्राथमिकी दर्ज हुई है। पुलिस अब मामले की जांच में जुटी है।

Related Articles

close