झारखंड: बेटे की जिस तरह 10 साल पहले गयी थी जान, अब मां और पिता भी उसी तरह चल बसे, हेलमेट के बावजूद नहीं बची….

Jharkhand: Just as the son lost his life 10 years ago, now the mother and father also passed away in the same way, despite wearing a helmet they did not survive.

Jharkhand Accident। नियति भी क्या खेल दिखाती है, 10 साल पहले बेटे की जिस तरह से जान गयी थी, मां-पिता की भी उसी तरह से जान चली गयी। टाटानगर स्टेशन के नजदीक चाईबासा बस स्टैंड के पास शनिवार रात सड़क हादसा हो गया।

 

 

डंपर की चपेट में आने से बाइक सवार दंपती की मौके पर ही जान चली गयी। मृतकों की पहचान प्रमथनगर निवासी देवाशीष चौधरी और उनकी पत्नी नुपूर चौधरी के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक दंपती बाइक से घर लौट रहे थे।

 

 

उसी समय नो एंट्री के बावजूद एक डंपर तेज गति से आया और पीछे से बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। लोगों ने सड़क पर जाम लगाकर प्रदर्शन शुरू कर दिया, जिससे यातायात ठप हो गया।

 

 

हेलमेट पहनने के बावजूद उनकी जान नहीं बच सकी। दुर्घटना के बाद चालक डंपर छोड़कर भागने लगा, तभी लोगों ने दौड़ा कर उसे पकड़ा। लोगों ने ड्राइवर को पुलिस के हवाले कर दिया। मृतक दंपती के परिवार में 20 साल की एक बेटी है।

 

 

उनका एक बेटा भी था, जिसकी 10 साल पहले एक सड़क हादसे में मौत हो गई थी। उस हादसे में नुपूर भी बेटे के साथ बाइक पर थी और गंभीर रूप से घायल हो गई थीं। देवाशीष टाटा मोटर्स से रिटायर थे। कई घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही।

Related Articles