रांची। नियमितिकरण की मांग को लेकर अनुबंधित स्वास्थ्यकर्मियों की हड़ताल से बेशक प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था चरमरा गयी हो…लेकिन अनुबंधित स्वास्थ्यकर्मी हड़ताल स्थल से ही अपनी जिम्मेदारी और कर्त्वयों का अहसास लोगों को करा रहे हैं। हड़ताल के 5वें दिन आज आंदोलन स्थल पर ही स्वास्थ्यकर्मियों ने जांच शिविर लगाया और जरूरतमंदों की जांच की। अस्पतालों से बेरंग लौट रहे कई मरीजों ने आंदोलनस्थल पर हड़ताली स्वास्थ्यकर्मियों के जांच शिविर में अपनी बीपी और शुगर का टेस्ट कराया। झारखंड राज्य एनआरएचएम एएनएम/जीएनएम अनुबंध कर्मचारी संघ की प्रदेश महासचिव वीणा कुमारी ने बताया कि ..

“हड़ताल कोई हमारा शौक नहीं है, हम भी अस्पतालों में अपनी ड्यूटी करना चाहते हैं, यहां आंदोलन में बैठे लैब टेक्निशियन, रेडियोलॉजिस्ट भी हास्पीटल लैब में अपनी जिम्मेदारी निभाना चाहते हैं, लेकिन सरकार ने हमें इस खुले आसमान के नीचे बैठने को मजबूर कर दिया है। आज 10-15 साल की नौकरी के बाद भी हमारा भविष्य अंधकार में है, जहां पता नहीं हमारे भविष्य का क्या होगा, सरकार में आने से पहले झामुमो ने ही तो कहा था कि हम नियमितिकरण कर देंगे और आज जब हम सबने सहयोग कर उन्हें सत्ता पर बैठाया, तो हम ही आज नजरअंदाज हो गये हैं, हमारी नियमितिकरण का कोई सुध लेने वाला नहीं है, हम सरकार से अपील करते हैं कि हठधर्मिता छोड़कर हमारी मांगों पर विचार करें और नियमितिकरण का ऐलान करें”

हड़ताल का आज है पांचवा दिन

पिछले पांच दिनों से स्वास्थ्य व्यवस्था प्रदेश में ठप पड़ा है। हजारों स्वास्थ्यकर्मी आंदोलन पर हैं, लेकिन सरकार की तरफ से कोई पहल नहीं हो रही है, ऐसे में हड़ताली स्वास्थ्यकर्मियों का गुस्सा भी अब बढ़ता जा रहा है। शनिवार को आंदोलनकारियों का साथ देने के लिए झारखण्ड राज्य अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के पूर्व अध्यक्ष महेश सिंह, गोपाल शरण सिंह के अलावे ऑल झारखण्ड पारा मेडिकल एसोसिएशन के उपाध्यक्ष उमा काबरा,,उपेंद्र कुमार सिंह, संजय कुमार, बहामानी हेंब्रम भी प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे। समर्थन देने पहुंचे संगठनों ने एक सुर में संविदाकर्मियों की मांगों को जायज बताया और हर कदम पर उनके साथ खड़े होने की बात कही।

आंदोलन स्थल पर स्वास्थ्यकर्मियों ने लगाया जांच शिविर
अनिश्चितकालीन हड़ताल के बावजूद स्वास्थ्यकर्मियों ने आमलोगों के लिए फ्री शुगर और बीपी जांच कैंप लगाया। इस दौरान करीब 150 लोगों की जांच की गयी। वहीं अनुबंध कर्मी ने स्थानीय भाषा में हड़ताली कर्मी का हौसला अफजाई की।

24 से आमरण अनशन, कल बनायेंगे मानव श्रृंखला

इधर नाराज स्वास्थ्यकर्मियों की नाराजगी बढ़ती जा रही है। पांच दिन गुजर जाने के बाद भी सरकार के स्तर से वार्ता की कोई पहल नहीं की गयी है, लिहाजा अब आंदोलनकारी आक्रामक रुख भी अपनाते जा रहे हैं। इसके तहत कल सुबह 11 बजे धरनास्थल से कचहरी चौक तक मानव श्रृंखला बनाकर अपनी एकजुटता प्रदर्शित की जायेगी। वहीं शाम 5 बजे कैंडिल मार्च का आयोजन किया जायेगा। 24 जून से अनुबंध स्वास्थ्यकर्मी अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल के साथ आमरण अनशन शुरू करेंगे।

हर खबर आप तक सबसे सच्ची और सबसे पक्की पहुंचे। ब्रेकिंग खबरें, फिर चाहे वो राजनीति...