BJP के New National President का नाम अप्रैल में होगा घोषित, दावेदारों में दो महिलाएं सबसे आगे…

नई दिल्ली: BJP के नए अध्यक्ष का सभी को इंतजार है। इसको लेकर राजनीतिक विश्लेषक लगातार कयास लगा रहे हैं। बीजेपी के नए अध्यक्ष को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है। जेपी नड्डा के बाद बीजेपी का अगला अध्यक्ष कौन होगा?अब खबर है कि बेंगलुरु में 18 से 20 अप्रैल के बीच राष्ट्रीय कार्यकारिणी और राष्ट्रीय परिषद् की बैठक हो सकती है।
ऐसे में अब यह तय हो गया है कि 18 से 20 अप्रैल के बीच BJP के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष का ऐलान हो जाएगा। बता दें कि BJP के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के लिए दक्षिण की दो महिलाओं के नाम सबसे आगे चल रहे हैं। इसमें आंध्रप्रदेश बीजेपी की अध्यक्ष दग्गुबाती पुरंदेश्वरी और बीजेपी महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष और कोयंबटूर विधायक वनती श्रीनिवास शामिल हैं। अब बेंगलुरु में BJP ने राष्ट्रीय कार्यकारिणी और राष्ट्रीय परिषद की बैठक बुलाकर इस पर मोहर लगाने का काम भी किया है।
दावेदारों में दो महिलाओं का नाम सबसे आगे
दग्गुबाती पुरंदेश्वरी 2014 में बीजेपी में शामिल हुई हैं। पुरंदेश्वरी के पास संगठनात्मक कार्यों का अच्छा अनुभव है। उनको वाकपटुता और पांच भाषाओं का ज्ञान होने के कारण दक्षिण की सुषमा की संज्ञा दी जाती है। दक्षिण में BJP के कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उनकी व्यापक स्वीकार्यता है। पुरंदेश्वरी के अलावा वनती श्रीनिवास भी राष्ट्रीय अध्यक्ष के प्रमुख दावेदारों में से एक हैं।
इनके नाम भी चर्चा में
इन दो महिला दावेदारों के अलावा केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चैहान, मनोहरलाल खट्टर और धर्मेंद्र प्रधान का नाम भी शामिल हैं। BJP और संघ शिवराज सिंह चौहान और धर्मेंद्र प्रधान के नाम पर सहमत हैं, लेकिन मनोहरलाल खट्टर के नाम पर अमित शाह को ऐतराज है। ऐसे में अब BJP ने ये संकेत दिए है कि उनका अगला अध्यक्ष दक्षिण से ही होगा। बता दें कि अगले कुछ महीनों में केरल और तमिलनाडु में विधानसभा के चुनाव होने हैं। ऐसे में दो ही राज्य ऐसे हैं, जहां पर BJP अपना प्रभुत्व स्थापित नहीं कर पाई है।