झारखंड का कुख्यात गैंगस्टर मंयक सिंह लाया जायेगा भारत, अजरबेजान से प्रत्यर्पण को मिली मंजूरी, गुनाह के कई काले पन्ने खुलेंगे…
Jharkhand's notorious gangster Mayank Singh will be brought to India, extradition from Azerbaijan approved, many dark pages of crime will be revealed...

रांची। झारखंड का कुख्यात अपराधी और मोस्ट वांटेड मयंक सिंह उर्फ सुनील मीणा जल्द ही अजरबैजान से भारत लाया जाएगा। अजरबैजान की उच्च अदालत ने उसके प्रत्यर्पण को मंजूरी दे दी है। झारखंड के डीजीपी अनुराग गुप्ता ने इसकी जानकारी देते हुए बताया है कि जल्द ही झारखंड एटीएस की टीम अजरबेजान जायेगी, जहां से वो मयंक सिंह को लेकर झारखंड आयेगी। डीजीपी ने चेतावनी दी है कि अन्य सभी बदमाश भी झारखंड पुलिस के टारगेट में हैं।
जल्द झारखंड लाया जायेगा मयंक
झारखंड पुलिस की एटीएस ने केंद्रीय एजेंसियों और इंटरपोल के सहयोग से मयंक सिंह को अजरबैजान से भारत लाने की प्रक्रिया पूरी कर ली है। डीजीपी अनुराग गुप्ता ने बताया कि झारखंड एटीएस ने पुख्ता दस्तावेज और ठोस सबूतों के आधार पर अजरबैजान की उच्च अदालत से प्रत्यर्पण की मंजूरी प्राप्त की। इससे पहले, निचली अदालत ने भी प्रत्यर्पण को स्वीकृति दी थी, लेकिन मयंक ने ऊपरी अदालत में अपील की थी। अब उच्च अदालत ने भी निचली अदालत के फैसले को बरकरार रखते हुए भारत प्रत्यर्पण का रास्ता साफ कर दिया है।
अजरबैजान की जेल में बंद है मयंक
दरअसल भारत और अजरबैजान के बीच पहले से मौजूद प्रत्यर्पण संधि के चलते झारखंड पुलिस को इस मामले में बड़ी राहत मिली। डीजीपी ने बताया कि विदेश में बैठकर झारखंड में अपराध को अंजाम देने वाले अपराधियों के खिलाफ यह एक बड़ी सफलता है। उन्होंने साफ कह दिया है कि मयंक के बाद अब इंटरनेशनल गैंगस्टर प्रिंस खान को भी भारत लाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। ये सभी अशांति फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। सभी के खिलाफ कार्रवाई की जायेगी।
झारखंड का पहला अपराधी जो विदेश से होगा प्रत्यर्पित
मयंक सिंह झारखंड का पहला ऐसा अपराधी होगा, जिसे विदेश से प्रत्यर्पित कर भारत लाया जाएगा। राजस्थान के अनूपगढ़ का रहने वाला यह अपराधी अत्याधुनिक हथियारों और लग्जरी लाइफस्टाइल की तस्वीरें सोशल मीडिया पर पोस्ट कर सुर्खियों में बना रहता था। झारखंड पुलिस ने पिछले साल उसे अजरबैजान की राजधानी बाकू से गिरफ्तार कराया था।
मयंक सिंह का असली नाम सुनील मीणा
झारखंड पुलिस को लंबे समय तक यह पता ही नहीं था कि मयंक सिंह असल में कौन है। एटीएस की जांच के बाद खुलासा हुआ कि मयंक सिंह, दरअसल, राजस्थान का रहने वाला सुनील मीणा है और विदेश में बैठकर झारखंड में संगठित अपराध को अंजाम दे रहा था। इसके बाद इंटरपोल के जरिए उसके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया गया, जिसके चलते अजरबैजान में उसे गिरफ्तार कर लिया गया।