गैस सिलेंडर की लाइन बनी ‘डेथ ट्रैप’! कतार में खड़े बुजुर्ग को पड़ा दिल का दौरा, मिनटों में पसरा मातम
The gas cylinder line became a 'death trap'! An elderly man standing in line suffered a heart attack, mourning spread within minutes.

UP News: उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद शहर से एक दुखद मामला सामने आया है। यहां गैस सिलेंडर लेने के लिए लाइन में खड़े एक बुजुर्ग की अचानक तबीयत बिगड़ गई और उन्हें हार्ट अटैक आ गया। अस्पताल ले जाने के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार शहर के खान खाना मोहल्ले निवासी 75 वर्षीय मुख्तार अंसारी शुक्रवार सुबह करीब 6:30 बजे घर से गैस सिलेंडर लेने निकले थे। वह नेशनल गैस एजेंसी पर लगी लंबी लाइन में खड़े थे। इसी दौरान करीब 9 बजे अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़े।
बुजुर्ग को गिरते देख वहां मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। मोहल्ले के शमशाद और अन्य लोगों ने तुरंत उन्हें ई-रिक्शा से आवास विकास स्थित एक निजी अस्पताल पहुंचाया। हालांकि अस्पताल के मुख्य गेट पर ही डॉक्टर ने उन्हें देखकर मृत घोषित कर दिया।
मृतक के बेटे शाहनवाज ने बताया कि उनके पिता गैस सिलेंडर लेने के लिए लाइन में लगे हुए थे। ज्यादा देर खड़े रहने के कारण उनकी तबीयत बिगड़ गई और वह गश खाकर गिर पड़े।
इधर इस घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें दो युवक जमीन पर पड़े एक बुजुर्ग को बारी-बारी से सीपीआर देते दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह वीडियो गैस एजेंसी के पास का है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. उदयराज सिंह के अनुसार बुजुर्ग को उनके परिजन ई-रिक्शा से अस्पताल लेकर आए थे, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
वहीं जिला पूर्ति अधिकारी सुरेंद्र कुमार यादव का कहना है कि जिले में गैस की कोई कमी नहीं है और उन्हें इस घटना की आधिकारिक जानकारी नहीं मिली है। पुलिस का भी कहना है कि मामले में अभी तक कोई लिखित सूचना नहीं दी गई है।









