जाम मुक्त होगी शहर , सड़को पर दौड़ेंगी इलेक्ट्रिक AC बस, नगर निगम ने की तैयारी

झारखण्ड । प्रदेश में ऑटो से सफर की किचकिच जल्द ही खत्म होगी। राजधानी रांची की सड़कों पर इलेक्ट्रिक एसी बसें दौड़ेंगी। हालिया कैबिनेट की बैठक में हेमंत सोरेन की सरकार ने यह फैसला किया है। सरकार ने फैसला किया है कि राजधानी रांची में निजी वाहनों का दबाव कम करने के लिए इलेक्ट्रिक बसें चलाई जाएंगी। इसके लिए बकायदा 244 बसें खरीदी जाएंगी। इनमें से 24 इलेक्ट्रिक एसी बस होगी।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक नगर आयुक्त शशि रंजन ने कहा कि निगम ने विस्तृत डीपीआर तैयार किया है। नगर विकास विभाग को डीपीआर भेजा गया है। बसों की खरीद को लेकर भी प्रक्रिया जारी है। उन्होंने कहा कि बस खरीद की प्रक्रिया खत्म होने के बाद रुट और किराया तय किया जाएगा। बसें खरीद कर रांची नगर निगम को परिचालन के लिए सौंप दिया जाएगा।
रिपोर्ट्स के मुताबिक उपर्युक्त परियोजना में कुल 605 करोड़ रुपये की लागत आएगी। बसों का परिचालन पीपीपी मोड पर किया जाएगा। रांची नगर निगम रूट तय करेगा। एक पक्ष बसों का परिचालन करेगा और तीसरा पक्ष चालक मुहैया कराएगा। गौरतलब है कि राजधानी रांची में अधिक से अधिक सरकारी वाहनों के परिचालन से निजी वाहनों का प्रयोग कम होगा। लोगों से भी अपील की जाएगी कि वे निजी वाहन की बजाय सरकारी वाहनों का इस्तेमाल करें। इससे शहर को जाम से निजात मिलेगी और वायु प्रदूषण भी कम होगा।
रांची की मेयर आशा लकड़ा ने कहा कि इलेक्ट्रिक वाहनों के परिचालन से लोगों को जाम से राहत मिलेगी। अभी शहर में निजी वाहनों का दबाव बहुत ज्यादा है। लोगों में भी जागरूकता लाई जाएगी कि वे ज्यादा से ज्यादा सार्वजनिक परिवहन के साधनों का इस्तेमाल करें। गौरतलब है कि अभी रांची में बढ़ती आबादी आर निजी वाहनों का दबाव साफ दिखने लगा है। रांची के अलग-अलग मुख्य मार्गों पर अक्सर भीषण जाम लगता है। कांटाटोली चौक, लालपुर-कोकर मुख्य मार्ग, सर्कुलर रोड और रातू रोड इलाके में रोज भीषण जाम लगता है।









