विदिशा। भाजपा नेता और पूर्व पार्षद संजीव मिश्रा ने गुरुवार शाम को पत्नी और दो बच्चों के साथ जहर खाकर आत्महत्या कर ली। घटना मध्यप्रदेश के विदिशा की बतायी जा रही है। भाजपा नेता बच्चों के लाइलाज बीमारी के कारण लंबे समय से परेशान थे। भाजपा नेता के कमरे से पुलिस को एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है, जिसमें उन्होंने बच्चों को ड्यूशेन मस्कुलर डिस्ट्राफी (डीएमडी) नामक बीमारी का जिक्र करते हुए खुदकुशी करने की बात कही है। संजीव मिश्रा के बच्चों को मस्कुलर डिस्ट्रॉफी नाम की जेनेटिक बीमारी थी। जिसका कोई इलाज नहीं है। जैसा उन्होंने अपने सुसाइड नोट में लिखा है कि मैं बच्चों को नहीं बचा पा रहा हूं, मैं अब नहीं रहना चाहता। उन्होंने दरवाजा बंद करके सल्फास खा लिया।

भाजपा नेता संजीव ने आत्महत्या से कुछ देर पहले ही दो पोस्ट लिखी थी। पहली पोस्ट में संजीव ने लिखा कि ‘ईश्वर दुश्मन के बच्चे को भी न दे यह बीमारी, मस्कुलर डिस्ट्राफी ( डीएमडी), प्रार्थना। दूसरी पोस्ट में संजीव ने लिखा कि शिकवा नहीं किसी से, किसी से गिला नहीं, भाग्य में था नही, हमें मिला नहीं। शाम में संजीव और पूरे परिवार की खुदकुशी की सूचना लोगों को मिली। संजीव वार्ड 32 से पिछली नगर पालिका परिषद में पार्षद चुने गए थे। वर्तमान में वे भाजपा नगर मंडल में उपाध्यक्ष थे। वे अपने बड़े भाई के साथ संयुक्त परिवार में ही रहते थे। शहर के पीतल मिल चौराहे पर वे भोजनालय चलाते थे।

पोस्ट देखने के बाद उनके साथी लोगों को पता चला। शाम करीब 6:45 बजे उनके एक परिचित घर पहुंचे तो बाहर से दरवाजा बंद था। घर का दरवाजा तोड़कर अंदर देखा तो चारों अचेत अवस्था में पड़े थे। चारों को आनन-फानन में जिला चिकित्सालय लाया गया। जहां संजीव मिश्रा (45), पत्नी नीलम मिश्रा (42), बड़ा बेटा अनमोल (13) और छोटा बेटा सार्थक (7) की मौत हो गई। इधर घटना की जानकारी मिलते ही बीजेपी नेता जिला अस्पताल पहुंचे। साथ ही जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारी भी अस्पताल पहुंचे।

संजीव मिश्रा ने ही बताया था कि बच्चों के जॉइंट लॉक हो गए हैं, जिसके कारण बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही थी। बच्चों को चलने फिरने में दिक्कत थी। उनका कहना था कि एक समय बाद पूरा शरीर काम करना बंद कर देगा। पहले बड़े लड़के को बीमारी थी, कुछ समय पहले छोटे बच्चे को भी बीमारी के लक्षण आना शुरू हुए थे। जिसको लेकर वह काफी परेशान थे।

हर खबर आप तक सबसे सच्ची और सबसे पक्की पहुंचे। ब्रेकिंग खबरें, फिर चाहे वो राजनीति...