फरार BEO हुई सस्पेंड: घूस लेते शिक्षक हुआ गिरफ्तार, तो BEO हो गयी फरार, खोजने पर भी नहीं मिली, तो विभाग ने कर दिया सस्पेंड, जानें पूरा मामला
Fugitive BEO Suspended: Teacher Arrested for Accepting Bribe, BEO Flees; Suspended by Department After Remaining Untraceable—Know the Full Story

प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी पुष्पा कुमारी सस्पेंड हो गयी है। सनसनीखेज आरोपों से घिरी महिला अफसर काफी दिनों से फरार चल रही है, लिहाजा अब विभाग ने उन पर सस्पेंशन की गाज गिरायी है। जांच ऐजेंसी इस प्रकरण में जांच में जुटी है।
________________________________________
Education Department News : शिक्षा विभाग से जुड़ा एक बड़ा मामला सामने आया है, जहां फरार चल रही महिला BEO को सस्पेंड कर दिया गया है। निगरानी विभाग द्वारा प्राथमिकी दर्ज किए जाने और 16 मार्च से बिना सूचना के लगातार अनुपस्थित रहने के कारण उन्हें फरार माना जा रहा है। इस पूरे मामले में विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए पुष्पा कुमारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। पूरा मामला बिहार के नालंदा जिले का है।
शिक्षा विभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार, पुष्पा कुमारी के निलंबन के बाद थरथरी प्रखंड की जिम्मेदारी एकंगरसराय के प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी विजय शंकर प्रसाद को अतिरिक्त प्रभार के रूप में सौंपी गई है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जब तक स्थायी व्यवस्था नहीं हो जाती, तब तक विजय शंकर ही इस पद का कार्यभार संभालेंगे।
क्या है पूरा मामला?
पुष्पा कुमारी पर आरोप है कि उन्होंने एक शिक्षक से बकाया वेतन भुगतान के एवज में अवैध राशि की मांग की थी। यह मामला उस समय उजागर हुआ जब निगरानी विभाग की टीम ने चंडी प्रखंड के प्रखंड संसाधन केंद्र (BRC) कार्यालय में छापेमारी की। इस दौरान शिक्षक मनोज कुमार को 17 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया।जांच के दौरान सामने आया कि यह घूसखोरी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी के निर्देश पर हो रही थी। पूछताछ में पीड़ित शिक्षक और आरोपी दोनों ने पुष्पा कुमारी का नाम लिया, जिससे मामले ने गंभीर रूप ले लिया। इसके बाद निगरानी विभाग ने साक्ष्यों के आधार पर पुष्पा कुमारी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली।
फरार BEO की तलाश जारी
छापेमारी के बाद से ही पुष्पा कुमारी फरार हैं और 16 मार्च से उन्होंने कार्यालय आना भी बंद कर दिया है। विभागीय सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तारी के डर से वह लगातार छिपती फिर रही हैं। इस बीच शिक्षा विभाग के निदेशक मनोरंजन कुमार ने भी मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला शिक्षा पदाधिकारी को कार्रवाई के निर्देश दिए थे, जिसके बाद यह निलंबन की कार्रवाई की गई।
पुष्पा कुमारी के अनुपस्थित रहने से संबंधित प्रखंडों में शैक्षणिक और प्रशासनिक कार्यों पर भी असर पड़ा है। वह थरथरी के अलावा चंडी और बेन प्रखंड की भी जिम्मेदारी संभाल रही थीं। उनकी गैरहाजिरी से कई जरूरी काम लंबित हो गए थे, जिससे विभाग को अतिरिक्त व्यवस्था करनी पड़ी।









