चंडीगढ़ में आतंकी हमला नाकाम, दो संदिग्ध गिरफ्तार – विस्फोटक और हथियार बरामद

चंडीगढ़, 9 मई 2025: पंजाब और हरियाणा की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ में गुरुवार देर रात एक बड़े आतंकी हमले की साजिश को समय रहते नाकाम कर दिया गया। चंडीगढ़ पुलिस की क्राइम ब्रांच ने सेक्टर-39 स्थित दाना मंडी के पास से दो संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार किया है। इन दोनों के पास से एक काले रंग का बैग बरामद किया गया, जिसमें विस्फोटक और हथियार पाए गए।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ये दोनों आतंकी कुख्यात गैंगस्टर हैप्पी पसिया के गुर्गे हैं। पुलिस के अनुसार, ये किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के इरादे से आए थे। हालांकि इनका निशाना चंडीगढ़ था या पंजाब, यह जांच का विषय बना हुआ है।

सूत्रों के मुताबिक, दोनों आतंकियों को किसी मास्टरमाइंड से आदेश मिलने का इंतजार था, जिसके बाद वे हमला करने वाले थे। गिरफ्तारी के बाद उनसे गहन पूछताछ की जा रही है।

इससे पहले खुफिया एजेंसियों ने चंडीगढ़ पुलिस को अलर्ट किया था कि शहर के कुछ पुलिस थानों पर बम से हमले की साजिश रची जा रही है। इसी सूचना के आधार पर क्राइम ब्रांच लगातार निगरानी कर रही थी और समय रहते कार्रवाई कर दी गई।

पुलिस फिलहाल इस मामले पर सार्वजनिक रूप से कुछ भी कहने से बच रही है। शुक्रवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आधिकारिक जानकारी साझा की जाएगी। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि फिलहाल इस घटना का भारत-पाकिस्तान के बीच चल रहे हालात से कोई सीधा संबंध नहीं पाया गया है। गौरतलब है कि बीते कुछ महीनों में पंजाब क्षेत्र में दो बार ग्रेनेड हमले हो चुके हैं, जिससे सुरक्षा एजेंसियां पहले से ही सतर्क थीं।

झारखंड : बाबूलाल मरांडी का विरोध…श्यामा प्रसाद मुखर्जी विवि का नाम बदलकर वीर बुद्धू भगत विवि करना गलत

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

close