रांची में तांडव: बेड़ो थाना पर 250 लोगों का हमला, पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट, इलाके में तनाव
Riot in Ranchi: 250 people attack Beddo police station, beat up policemen, tension in the area

रांची के बेड़ो थाना में बड़ी घटना हुई। करीब 250 ग्रामीणों की भीड़ ने अचानक थाना परिसर में घुसकर तोड़फोड़ और पुलिसकर्मियों से धक्का-मुक्की की। इस घटना में थाना प्रभारी देवप्रताप प्रधान को चोटें आई हैं। मामला सफाई और अतिक्रमण हटाने को लेकर हुए विवाद से जुड़ा है।
मिली जानकारी के मुताबिक, महादानी मैदान के पास एक पक्ष ने सफाई और अतिक्रमण हटाने के लिए बिना अनुमति के जेसीबी चलवा दी। इस पर पुलिस मौके पर पहुंची और जेसीबी रोक दी। सीओ प्रताप मिंज भी वहां पहुंचे और ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि 24 घंटे के अंदर अतिक्रमण हटाया जाएगा। इसके बाद लोग शांत हो गए और लौट गए। लेकिन रात करीब साढ़े आठ बजे, लगभग 250 लोग अचानक बेड़ो थाना पहुंच गए। उन्होंने पुलिस पर आरोप लगाया कि जेसीबी चालक के साथ दिन में मारपीट की गई है। इसके बाद भीड़ ने थाने में घुसकर गमले, कुर्सियां और वाहनों में तोड़फोड़ की और थाना प्रभारी से हाथापाई कर दी।
डीएसपी अशोक कुमार राम ने कहा कि पुलिस ने जेसीबी चालक से कोई मारपीट नहीं की थी, यह आरोप बेबुनियाद है। घटना की सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को दे दी गई है और दोषियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। घटना के दौरान जब स्थिति बेकाबू हो गई, तो आसपास के थानों से अतिरिक्त पुलिस बल को बुलाना पड़ा। पदाधिकारियों ने काफी समझा-बुझाकर भीड़ को शांत कराया और लोग धीरे-धीरे वापस लौटे।








