पति से अफेयर का था शक, ब्यूटी पार्लर संचालिका पर फेंका तेजाब, एक लाख में दी थी एसिड अटैक की सुपारी
Suspecting an affair with her husband, she threw acid on a beauty parlor owner, paying a sum of Rs 1 lakh for the acid attack.

Crime News : ब्यूटी पार्लर संचालिका पर एसिड अटैक मामले का पुलिस ने चौकाने वाला खुलासा किया है। पीड़िता के साथ मौजूद दो महिलाओं ने ही साजिश रचकर इस वारदात को अंजाम दिलवाया था। पति से कथित अवैध संबंध के शक में तेजाब हमले की सुपारी दी गई थी। पुलिस ने खुलासा किया है कि इस सनसनीखेज घटना की साजिश किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि घटना के वक्त सुषमा के साथ मौजूद दो महिलाओं ने ही रची थी।
इस मामले में पुलिस ने इस मामले में नीतू देवी और सुमन देवी को गिरफ्तार कर लिया है, जो पीड़िता के साथ चल रही थीं। दरअसल मुख्य आरोपी नीतू देवी को शक था कि सुषमा गुप्ता का उसके पति कुंदन मिश्रा के साथ अवैध संबंध है। इसी शक के चलते दोनों के बीच पहले भी कई बार विवाद हो चुका था।
नीतू के मन में यह आशंका घर कर गई थी कि सुषमा उसके वैवाहिक जीवन को नुकसान पहुंचा रही है। इसी खुन्नस और बदले की भावना में उसने सुषमा पर एसिड अटैक करवाने की साजिश रची। पीड़िता सुषमा गुप्ता के बयान के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
शुरुआत से ही पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही थी। जांच के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि घटना के वक्त सुषमा के साथ मौजूद नीतू देवी और सुमन देवी ने मिलकर इस हमले की पूरी योजना बनाई थी। नीतू देवी ने अपनी घरेलू सहायिका सुमन देवी को भी इस साजिश में शामिल किया।
नीतू का मानना था कि अगर सुषमा का चेहरा तेजाब से खराब हो जाएगा तो उसका पति अपने आप उससे दूर हो जाएगा। इसी सोच के तहत उसने एसिड अटैक की योजना बनाई और इसे अंजाम देने के लिए बाढ़ थाना क्षेत्र के मोहम्मद अहसान को सुपारी दी।
घटना के दिन नीतू और सुमन देवी ने चाट खिलाने के बहाने सुषमा को उस रास्ते से ले गईं, जहां पहले से बाइक सवार दो अपराधी मौजूद थे। रास्ते में अपराधियों ने बेगूसराय जाने का रास्ता पूछा, जिस पर दोनों महिलाओं ने इशारे से सुषमा की ओर संकेत किया। इशारा समझते ही बाइक सवार अपराधियों ने सुषमा पर तेजाब फेंक दिया और मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने छापेमारी के दौरान नीतू देवी के घर से 97 हजार रुपये नकद, तीन मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस के मुताबिक, यह नकद राशि मोहम्मद अहसान को हमले की सुपारी के तौर पर देने के लिए रखी गई थी। वहीं, मोहम्मद अहसान के घर से तेजाब से जले हुए कपड़े और एक शीशे की बोतल भी बरामद की गई है, जिसका इस्तेमाल घटना के दौरान किया गया था।









