हैरान करने वाली खबर: युवक के पेट से निकली 29 चम्मच, 19 टूथब्रश और 2 पेन, चार घंटे चले आपरेशन के बाद निकाली गयी 50 चीजें..

Big News : क्या स्टील का चम्मच ? टूथब्रश और पेन निगलकर भी कोई व्यक्ति जिंदा रह सकता है। चमत्कार को भी मात देने वाला एक प्रकरण सामने आया है। जहां एक युवक के पेट से 50 सामिग्री मिली है। पूरा मामला उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले का है। जहां एक व्यक्ति के पेट से ऑपरेशन के दौरान 29 स्टील की चम्मचें, 19 टूथब्रश और 2 पेन निकाले गए।
मामला यह है कि नशामुक्ति केंद्र में कम खाना मिलने से गुस्साए युवक ने ये वस्तुएं निगल ली थीं। चिकित्सकों ने सफल ऑपरेशन कर उसकी जान बचाई। दरअसल बुलंदशहर निवासी 40 वर्षीय सचिन का पेट इस हद तक भरा हुआ था कि ऑपरेशन के दौरान चिकित्सकों ने वहां 29 स्टील की चम्मचें, 19 टूथब्रश और 2 पेन निकाले। डॉक्टर भी पेट में इतनी बड़ी संख्या में धातु और प्लास्टिक देखकर हैरान रह गए।
सचिन नशे का आदी था और उसके परिजन उसकी स्थिति से काफी परेशान थे। इसी कारण उसे नशामुक्ति केंद्र में भर्ती कराया गया। लेकिन वहां उसे नशा उपलब्ध नहीं होने और खाने की कम मात्रा मिलने से गुस्सा आ गया। गुस्से में उसने नशामुक्ति केंद्र में रहते हुए लगातार स्टील की चम्मचें और टूथब्रश निगलना शुरू कर दिया।
पेट में दर्द और अस्पताल में भर्ती
कुछ समय बाद सचिन के पेट में तेज दर्द होने लगा और उसकी तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद परिजन उसे देव नंदिनी अस्पताल, हापुड़ लेकर गए। पेट की अल्ट्रासाउंड और एक्स-रे जांच में चिकित्सकों को पेट में असामान्य वस्तुएं दिखाई दीं। डॉक्टरों की टीम ने तत्काल ऑपरेशन करने का निर्णय लिया।
चार घंटे चले ऑपरेशन में निकाली गईं 50 से अधिक वस्तुएं
डॉक्टर श्याम कुमार ने बताया कि ऑपरेशन लगभग चार घंटे तक चला। ऑपरेशन के दौरान सचिन के पेट से 29 स्टील की चम्मचें, 19 टूथब्रश और 2 पेन सफलतापूर्वक बाहर निकाले गए। उन्होंने यह भी बताया कि इस तरह की समस्या अक्सर मानसिक या मनोवैज्ञानिक विकार से ग्रस्त लोगों में देखी जाती है।इतनी बड़ी संख्या में धातु और प्लास्टिक निगलने के बावजूद सचिन का जीवित रहना मेडिकल विज्ञान के लिए चुनौतीपूर्ण मामला है। चिकित्सकों का कहना है कि समय पर ऑपरेशन हो जाने से युवक की जान बच गई। फिलहाल, सचिन की स्थिति स्थिर है और वह डॉक्टरों की निगरानी में है।