गोली मारकर हत्या: सूरजभान के पिता की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या, बीच रास्ते में गोलियों से भूना…
Shot to death: Suraj Bhan's father shot dead in broad daylight, gunned down in the middle of the road...

दिनदहाड़े प्रॉपर्टी डीलर वरुण सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई। तीन बदमाशों ने वार्ड नंबर 13 में ताबड़तोड़ फायरिंग कर घटना को अंजाम दिया। पुलिस प्रारंभिक जांच में जमीन विवाद को हत्या की वजह मान रही है, जबकि हमलावर वारदात के बाद मौके से फरार हो गए हैं।
________________________________________
Crime News : दिनदहाड़े हुई एक हत्या की वारदात ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 13 में प्रॉपर्टी डीलर वरुण सिंह की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। यह घटना उस समय हुई जब दिन के करीब दो बजे तीन बदमाश अचानक पहुंचे और वरुण सिंह पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। मामला बिहार के बेगूसराय जिले की है। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने बेहद नजदीक से कई राउंड फायरिंग की, जिससे वरुण सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद तीनों हमलावर तेजी से मौके से फरार हो गए।
जमीन विवाद को माना जा रहा हत्या की वजह
पुलिस की शुरुआती जांच में इस हत्याकांड के पीछे जमीन विवाद की आशंका जताई जा रही है। पुलिस का मानना है कि प्रॉपर्टी से जुड़े किसी पुराने विवाद के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया हो सकता है। हालांकि अभी तक इस मामले में कोई ठोस निष्कर्ष सामने नहीं आया है और पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। घटनास्थल से पुलिस ने कई अहम सुराग जुटाए हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।
चर्चित बाहुबली से जुड़ाव की भी चर्चा
मृतक वरुण सिंह को लेकर यह भी चर्चा है कि वह बिहार के चर्चित बाहुबली नेता अनंत सिंह के करीबी माने जाने वाले सूरजभान सिंह और आशीष उर्फ सोनू के पिता थे। इस कारण घटना के बाद इलाके में कई तरह की अटकलें भी लगाई जा रही हैं। हालांकि पुलिस का कहना है कि फिलहाल किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्या के पीछे की असली वजह और इसमें शामिल लोगों की भूमिका का पता लगाने के लिए जांच जारी है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस वारदात के पीछे कोई बड़ी साजिश तो नहीं है।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच जारी
मामले को लेकर सदर डीएसपी आनंद कुमार पांडे ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला जमीन विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। उन्होंने कहा कि पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों की पहचान के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।उन्होंने यह भी बताया कि पुलिस टीम विभिन्न तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है। जल्द ही इस मामले में कुछ अहम सुराग मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
मास्टरमाइंड तक पहुंचना बड़ी चुनौती
इस सनसनीखेज हत्या के बाद इलाके में कई सवाल उठ रहे हैं। लोगों के बीच यह चर्चा भी है कि अगर पुलिस शूटरों को पकड़ भी लेती है तो क्या इस हत्याकांड के असली मास्टरमाइंड तक पहुंच पाएगी।फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी हुई है। वहीं इस घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।









