रातों-रात जारी हुआ अजीब आदेश! गिरिडीह के स्कूलों में छुट्टी की नई तारीख ने सबको किया हैरान…जानिए पूरा मामला….
गिरिडीह में शिक्षा विभाग का नया आदेश बना चर्चा का विषय

झारखंड/ गिरिडीह: जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय से एक ऐसा आदेश जारी हुआ है, जिसने शिक्षकों और विद्यार्थियों के बीच हलचल मचा दी है। दरअसल, 11वीं अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के दिन (21 जून 2025) विद्यालयों को खुला रखने का निर्देश दिया गया था, जो सामान्यतः अवकाश का दिन होता है। अब उस कार्यदिवस के बदले 25 अक्टूबर 2025 (शनिवार) को क्षतिपूरक अवकाश देने की घोषणा की गई है।
इस आदेश की पुष्टि जिला शिक्षा पदाधिकारी, गिरिडीह द्वारा की गई है, जिसमें कहा गया है कि उपायुक्त की सहमति से यह निर्णय लिया गया है। आदेश के मुताबिक, जिले के सभी सरकारी एवं सहायता प्राप्त प्रारंभिक, माध्यमिक और उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों में यह अवकाश लागू रहेगा।
आदेश का विवरण
स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, झारखंड, रांची के पत्रांक-2176, दिनांक 13 जून 2025 के निर्देशों के तहत 21 जून को विद्यालय खोलने का निर्णय लिया गया था। इसके बाद कई शिक्षक संगठनों ने अवकाश के बदले छुट्टी की मांग की थी।
इन अनुरोधों पर विचार करते हुए अब 25 अक्टूबर 2025 को क्षतिपूरक अवकाश स्वीकृत कर दिया गया है। आदेश की प्रति सभी प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारियों, क्षेत्रीय शिक्षा अधिकारियों तथा संबंधित विभागों को भेज दी गई है।
इस आदेश के बाद शिक्षकों के चेहरों पर राहत की मुस्कान जरूर आई है, लेकिन सोशल मीडिया पर इस आदेश को लेकर लोगों के बीच “इतनी देर से छुट्टी घोषित क्यों की गई?” जैसे सवालों पर चर्चा तेज हो गई है।










