मूर्ति क्षतिग्रस्त : असमाजिक तत्वों ने भीड़ भाड़ इलाको में दिया घटना को अंजाम, बाबूलाल मरांडी ने सीएम पर साधा निशाना

रांची । झारखंड की राजधानी रांची के मेन रोड स्थित हनुमान मंदिर में असामाजिक तत्वों ने मूर्ति को खंडित कर दिया है। मूर्ति खंडित होने के बाद मल्लाह टोली में रहने वाले लोग एकजुट हो गए और हंगामा करने लगे। घटना की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझा-बुझाकर शांत किया। लोगों का कहना था कि मूर्तियों खंडित कर शहर में अशांति फैलाने की कोशिश की गई है। आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
पुलिस ने लोगों को आश्वासन दिया कि पूरे इलाके की सीसीटीवी की जांच की जाएगी। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस घटना के बाद एसएसपी ने पुलिस को पूरे इलाके में तैनात कर दिया हैं।

पुलिस हाई अलर्ट पर मूर्ति कैसे हुआ छतिग्रस्त
लोगों का आरोप है कि दुर्गा पूजा को लेकर पुलिस हाई अलर्ट पर है इसके बावजूद मूर्ति को छतिग्रस्त कर दिया गया और पुलिस को भनक तक नहीं लगी। मंदिर में पुजारी सुबह पूजा करने आए तो देखा की मूर्ति पूरी तरह से क्षतिग्रस्त है।
इस घटना पर राजनीतिक घटनाक्रम
इस घटना पर झारखंड में राजनीति जोर पकड़ते नजर आ रही है। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने ट्वीट कर हेमंत सोरेन पर हमला बोलते हुए तुष्टिकरण वाली कानून व्यवस्था बताया है। पूर्व मंत्री और विधायक सरयू राय ने सरकार से राज्य में पीएफआई पर लगे प्रतिबंध की तरह उपद्रवियों पर भी नकेल कसने की बात कही है। बाबूलाल मरांडी ने यह भी कहा है कि बीते 10 जून को इसी जगह जुमे की नमाज के बाद उपद्रवियों ने पुलिस बल पर हमला कर दिया था। इससे रांची में हेमंत सोरेन की तुष्टिकरण वाली कानून व्यवस्था की पोल खुल गई है।







