झारखंड में जल्द शुरु होगी सिपाही भर्ती प्रक्रिया…सरकार ने अभ्यर्थियों के लिए कर दिया बड़ा ऐलान
Constable recruitment process will start soon in Jharkhand, government has made a big announcement for the candidates

झारखंड विधानसभा में बजट सत्र चल रहा है. सत्र में विधायक लगातार सरकार से सवाल कर रहे हैं. अब सरकार के तरफ से सिपाही भर्ती को लेकर बड़ा ऐलान कर दिया गया है. सरकार ने बताया कि झारखंड में सिपाही के 4919 पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया जल्द शुरू होगी। मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने शुक्रवार को विधानसभा में यह घोषणा की।
विधायक ममता देवी ने उठाया सवाल
दरअसल, विधायक ममता देवी ने शुक्रवार को सदन में यह मामला उठाते हुए कहा था कि सिपाही के 4919 पदों पर बहाली के लिए आवेदन मंगाए गए थे। 22 जनवरी से 21 फरवरी 2024 तक आवेदन आमंत्रित किए गए थे। इसमें 19.5 लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन दिया था। लेकिन, अबतक लिखित या शारीरिक दक्षता परीक्षा नहीं हुई है। भर्ती को बीच में स्थगित कर दिया गया। इसके कई कारण बताए गए। संयुक्त भर्ती नियमावली बनाने की बात कही गई। अब संयुक्त भर्ती नियमावली भी बन गई है। सरकार को युवाओं के हित में जल्द फैसला लेना चाहिए।
नियमावली में किया गया संशोधन
विधायक ममता देवी के ध्यानाकर्षण का जवाब देते हुए मंत्री प्रसाद ने कहा कि सिपाही भर्ती नियमावली में संशोधन के लिए समिति बनी थी। इसमें संशोधन कर लिया गया है। दौड़ के दौरान कई अभ्यर्थियों की मौत हो गई थी। इस कारण बहाली प्रक्रिया स्थगित कर दी गई थी। लेकिन, अब जल्द इसे शुरू किया जाएगा।