LPG संकट का ‘साइड इफेक्ट’! गैस गायब तो इंडक्शन पर टूटा लोगों का भरोसा… 3 दिन में 20 हजार बिके, बाजार में स्टॉक खत्म
भोपाल में LPG की कमी से किचन का ट्रेंड बदला, इंडक्शन कुकटॉप और इलेक्ट्रिक अप्लायंसेज की बिक्री में 80% तक उछाल

भोपाल:
Bhopal में LPG सिलेंडर की कमी का असर अब सीधे किचन और इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार पर दिखाई देने लगा है। शहर में पिछले तीन दिनों के भीतर इंडक्शन कुकटॉप की मांग अचानक इतनी बढ़ गई कि कई दुकानों और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर इसका स्टॉक तक खत्म हो गया।
जानकारी के मुताबिक, सिर्फ तीन दिनों में भोपाल में करीब 20 हजार इंडक्शन कुकटॉप बिक चुके हैं। इनमें लगभग 8 हजार यूनिट ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए खरीदी गईं, जबकि करीब 12 हजार यूनिट ऑफलाइन इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार से बेची गईं।
80% तक बढ़ी इलेक्ट्रिक अप्लायंसेज की बिक्री
LPG की कमी के चलते लोग अब वैकल्पिक कुकिंग विकल्पों की ओर तेजी से रुख कर रहे हैं। इसी वजह से इंडक्शन कुकटॉप के साथ-साथ माइक्रोवेव, ओवन, एयर फ्रायर और इलेक्ट्रिक स्टोव जैसे इलेक्ट्रिक कुकिंग उपकरणों की बिक्री में भी करीब 80 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
व्यापारियों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों में अचानक बढ़ी मांग ने पूरे बाजार की तस्वीर ही बदल दी है। पहले जहां इंडक्शन कुकटॉप सीमित संख्या में बिकते थे, वहीं अब ग्राहक बड़ी संख्या में इन्हें खरीद रहे हैं।
कई दुकानों में स्टॉक खत्म
भोपाल के प्रमुख इलेक्ट्रॉनिक्स बाजारों में हालात यह हैं कि हर 10 में से करीब 8 दुकानों में इंडक्शन कुकटॉप का स्टॉक खत्म हो चुका है। दुकानदारों के मुताबिक सप्लाई भी सीमित है, जिसके कारण नए स्टॉक आने में समय लग सकता है।
कालाबाजारी की भी खबरें
अचानक बढ़ी मांग के बीच कुछ जगहों पर इंडक्शन कुकटॉप की कालाबाजारी की खबरें भी सामने आने लगी हैं। कई दुकानदार सामान्य कीमत से अधिक दाम वसूल रहे हैं।
विशेषज्ञों का कहना है कि अगर LPG सप्लाई जल्द सामान्य नहीं हुई, तो आने वाले दिनों में इलेक्ट्रिक कुकिंग उपकरणों की मांग और बढ़ सकती है और बाजार में इनकी कमी और गहरा सकती है।









