स्व. बिनोद बिहारी महतो के तालाब में डाल दिया किसी ने जहर, सैकड़ों मछलियां मरी, पानी भी हो गया जहरीला, अब प्रशासन से…
Someone poisoned the pond of the late Binod Bihari Mahto, hundreds of fish died, and the water became poisonous. Now, the administration is being questioned...

धनबाद। झारखंड के पुरोधा कहे जाने वाले बिनोद बिहारी महतो के तालाब में जहर डालने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बड़ादाहा स्थित बाबू बांध तालाब में असामाजिक तत्वों ने जहर डाल दिया, इसकी वजह से सैंकड़ों मछलिया मर गयी। यह तालाब झारखंड आंदोलन के पुरोधा और पूर्व सांसद स्व. बिनोद बिहारी महतो के परिवार का है।
पूर्व सांसद स्व. बिनोद बिहारी महतो के पैतृक गांव बड़ादाहा स्थित बाबू बांध तालाब में हुई इस घटना को लेकर जांच शुरू हो गयी है। घटना की जानकारी उस वक्त हुई, जब ग्रामीण नित्य कामकाज के लिए तालाब पर पहुंचे तो उन्होंने पानी की सतह पर बड़ी संख्या में मरी हुई मछलियां तैरती देखीं। यह खबर फैलते ही पूरे गांव में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग तालाब पर जमा हो गए।
विनोद बिहारी महतो के परिवार को बड़ा नुकसान
तालाब के पानी से अब बदबू आने लगी है। यह तालाब पूरे गांव के लोगों के लिए जरूरी जल स्रोत है। ग्रामीण इसमें कपड़े-बर्तन धोते हैं और स्नान भी करते हैं। जहरीला पदार्थ डाले जाने के बाद से लोगों ने तालाब का उपयोग बंद कर दिया है, जिससे उनकी दिनचर्या प्रभावित हो रही है।
यह तालाब स्व. बिनोद बिहारी महतो के परिवार का है।
तालाब के मालिक और स्व. महतो के भतीजे जय किशोर महतो ने कहा कि इस घटना से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। उन्होंने बताया कि करीब पांच क्विंटल मछलियां मरने से हजारों रुपये का नुकसान हुआ है। उन्होंने प्रशासन से तत्काल तालाब के पानी की जांच कराने और दोषियों की पहचान कर कार्रवाई करने की मांग की है।
प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग
पंचायत के मुखिया बी.डी. महतो ने भी घटना पर गंभीर चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि यह कृत्य किसी असामाजिक तत्व की हरकत लगती है, जिसने जानबूझकर तालाब में जहर डाला है। मुखिया ने बलियापुर के सीओ और बीडीओ से तालाब के पानी की जांच कराने और इस मामले में दोषियों को पकड़ने की मांग की है।









