महंगी शराब देख चोर का दिल ललचाया, जेवहरात और कैश छोड़ छलकाने लगा जाम, फिर बेडरूम में सो गया चोर… उठते ही घरवालों ने पकड़ा, तो कहा..पिया नहीं पिलाया गया हूं…

लखनऊ। शराब चीज ही ऐसी है! बोतल देखते ही दिल में कुछ-कुछ होने लगता है। …एक चोर के साथ भी ऐसा ही हुआ, शराब पर दिल ऐसा आया कि सीधे हवालात पहुंच गया। दरअसल हुआ यूं कि एक चोर सूने मकान में चोरी करने घुसा। नकद और जेवहरात को तलाशते हुए उसकी नजर अचानक से शराब की बोतल पर पड़ गयी। फिर क्या था शराब की बोतल देख दिल ऐसा ललचा कि सोना-चांदी और रूपया छोड़ शराब की बोतल हाथ में ली और छककर शराब पी। फिर शराब का सुरूर चढ़ा तो पलंग पर ही सो गया। मामला यूपी का है, जहां राजधानी लखनऊ में चोरी की एक अजीबोगरीब वारदात हो गयी।

बिहार के छपरा के रहने वाले शरवानंद सेना से नायक सूबेदार के पद से रिटायर हुए है और लखनऊ के कैंट थाना क्षेत्र में निर्मला की कटारी भाग में अपने परिवार के साथ रहते हैं। घटना के दिन शरवानंद अपने रिश्तेदार के यहां शादी में शामिल होने गए थे। इधर सूना मकान देख चोर घर में घुस आया। घर में चोरी करने आया चोर महंगी शराब देखकर खुद को कंट्रोल नहीं कर पाया और पी गया. इसके बाद नशे में टल्ली चोर बेडरूम में सो गया।

घर वाले एक शादी समारोह से वापस लौट ताला खोला तो देखा कि गेट की ऊपर हिस्से की क्रीम कटी हुई है। घर के अंदर सारा सामान बिखरा पड़ा हुआ है। जैसे ही बेडरूम में पहुंचे तो देखा कि एक युवक आराम से पलंग पर सो रहा है। पास में ही शराब की खाली बोतलें भी पड़ी थी घर वाले उस शख्स के उठने का इंतजार करने लगे। जैसे ही चोर उठा तो परिवार वालों ने उसको दबोच लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम सलीम बताया, जो शारदा नगर का रहने वाला है।

चोर को घरवालों ने पुलिस के हवाले कर दिया है। पूछने पर चोर ने बताया कि वो और उसका एक साथ दोनों घर में घुसे थे। पूरा घर खंगालने के बाद साथी ने सलीम से जेवर हड़पने के चक्कर में ज्यादा शराब पिला दी और भाग गया। इधर परिजनों ने 6 लाख रुपए के साथ 10 तोला सोना, डेढ़ लाख कीमत की 2 किलो चांदी, करीब 50 हज़ार की 40 महंगी साड़ियां और जरूरी दस्तावेज गायब होने की शिकायत दर्ज करायी है। पुलिस दूसरे चोर की तलाश कर रही है।

Related Articles

close